Ranchi News: राजधानी रांची में गैस की किल्लत के बीच जिला प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई करते हुए अवैध रूप से जमा किए गए घरेलू गैस सिलेंडरों का भंडाफोड़ किया है. चुटिया थाना क्षेत्र में गुरुवार देर रात को की गई छापेमारी में भारी मात्रा में सिलेंडर बरामद किए गए, जिन्हें ब्लैक मार्केटिंग के लिए स्टॉक किया गया था.
एसडीएम के नेतृत्व में छापेमारी, गोदाम से मिला भारी भंडार
यह कार्रवाई रांची के एसडीएम कुमार रजत के नेतृत्व में प्रशासन और पुलिस की संयुक्त टीम ने की. छापेमारी के दौरान एक गोदाम में बड़ी संख्या में घरेलू एलपीजी सिलेंडर रखे मिले. प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि इन सिलेंडरों को अवैध रूप से जमा कर बाजार में ऊंची कीमत पर बेचने की तैयारी थी. शहर में गैस की बढ़ती मांग और सीमित आपूर्ति का फायदा उठाने की कोशिश की जा रही थी.
सिलेंडर जब्त, संचालक से पूछताछ, नेटवर्क की तलाश में जुटा प्रशासन
कार्रवाई के दौरान सभी बरामद सिलेंडरों को जब्त कर लिया गया है. गोदाम संचालक से पूछताछ जारी है और पूरे नेटवर्क की जानकारी जुटाई जा रही है. पुलिस ने मामले में कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी है और इस अवैध कारोबार से जुड़े अन्य लोगों की पहचान भी की जा रही है.
जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि जरूरत की वस्तुओं की कालाबाजारी किसी भी हाल में बर्दाश्त नहीं की जाएगी. आने वाले दिनों में इस तरह के अवैध भंडारण और ब्लैक मार्केटिंग के खिलाफ अभियान और तेज किया जाएगा.