Jharkhand News : जिले के महुलिया मोड़ पर पुलिस पर हुए पथराव मामले में पुलिस ने सख्त कार्रवाई करते हुए 80 नामजद और 400 से अधिक अज्ञात लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया है। घटना के बाद इलाके में भारी तनाव की स्थिति बनी थी, जिसे अब नियंत्रण में बताया जा रहा है।
पथराव में 25 से अधिक पुलिसकर्मी घायल, 24 बाइक जब्त
जानकारी के अनुसार, महुलिया गांव में एक सड़क हादसे में दो लोगों की मौत के बाद ग्रामीण आक्रोशित हो गए और सड़क जाम कर दिया। मौके पर पहुंची पुलिस को लोगों के विरोध का सामना करना पड़ा और इसी दौरान भीड़ ने अचानक पथराव शुरू कर दिया, जिसमें 25 से अधिक पुलिसकर्मी घायल हो गए। सभी घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया।
इलाके में अतिरिक्त बल तैनात, स्थिति फिलहाल सामान्य
घटना के बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए अब तक 14 आरोपियों को गिरफ्तार किया है और घटनास्थल से 24 बाइक जब्त की गई हैं। पुलिस प्रशासन ने इलाके में अतिरिक्त बल तैनात कर दिया है और स्थिति को पूरी तरह नियंत्रण में बताया है।
वरिष्ठ अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर स्थानीय लोगों से बातचीत की और हालात को शांत कराया। पुलिस का कहना है कि मामले में शामिल अन्य आरोपियों की पहचान कर गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है।