Jharkhand News : समाहरणालय स्थित कार्यालय कक्ष में आयोजित जन शिकायत निवारण दिवस में उपायुक्त कर्ण सत्यार्थी ने जिले के विभिन्न प्रखंडों एवं शहरी क्षेत्रों से पहुंचे नागरिकों की समस्याओं को गंभीरता से सुना। इस दौरान प्राप्त आवेदनों पर त्वरित कार्रवाई करते हुए कई मामलों का मौके पर ही समाधान किया गया, जबकि अन्य लंबित मामलों के शीघ्र निष्पादन के निर्देश दिए गए।
दुकान आवंटन से लेकर पेंशन तक की समस्याएं सामने आईं, अधिकारियों को प्राथमिकता देने का निर्देश
कार्यक्रम में नागरिकों द्वारा दुकान आवंटन, गैस वितरण, जमीन विवाद, वाहन जप्ती, निजी विद्यालय में बीपीएल बच्चों का नामांकन, संपत्ति विवाद, अधूरा आवास निर्माण, मुख्यमंत्री मइंया सम्मान योजना का लाभ, स्कूल फीस माफी, म्यूटेशन, आर्म्स लाइसेंस, पेंशन और राशन कार्ड जैसी विभिन्न समस्याओं से जुड़े आवेदन सौंपे गए।
लंबित मामलों पर सख्ती, समयबद्ध निष्पादन और नियमित मॉनिटरिंग के निर्देश
उपायुक्त ने सभी विभागीय पदाधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिया कि जन शिकायत निवारण दिवस में प्राप्त हर आवेदन का प्राथमिकता के आधार पर निष्पादन सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि लंबित मामलों की नियमित मॉनिटरिंग कर प्रगति की समीक्षा की जाए, ताकि आम नागरिकों को समय पर राहत और लाभ मिल सके।