Giridih News: गिरिडीह को एजुकेशन हब बनाने की दिशा में सरकार ने बड़ा कदम उठाया है. पचंबा के जरीडीह में राजकीय इंजीनियरिंग कॉलेज का शिलान्यास किया गया. गांडेय विधायक कल्पना मुर्मू सोरेन और नगर विकास मंत्री सुदिव्य कुमार सोनू ने संयुक्त रूप से इसकी आधारशिला रखी. लगभग 192.27 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाला यह संस्थान जिले के तकनीकी शिक्षा परिदृश्य को पूरी तरह बदल देगा. इस दौरान अतिथियों ने गुणवत्तापूर्ण निर्माण पर जोर देते हुए कहा कि अब गिरिडीह के बच्चों को उच्च शिक्षा के लिए बाहर जाने की मजबूरी नहीं होगी.
एजुकेशन हब के रूप में विकसित होगा पचंबा क्षेत्र
शिलान्यास के बाद मंत्री सुदिव्य कुमार सोनू ने कहा कि पचंबा को एक बड़े शैक्षणिक केंद्र के रूप में विकसित करने का लक्ष्य है. उन्होंने बताया कि अबरख, कोयला और लोहा के लिए मशहूर गिरिडीह की पहचान अब आधुनिक तकनीकी शिक्षा से होगी. सरकार की योजना मेधावी छात्रों को वैश्विक स्तर पर प्रतिस्पर्धा के योग्य बनाना है. विधायक कल्पना सोरेन ने इस मौके पर कहा कि यह सिर्फ एक भवन नहीं, बल्कि झारखंड के उज्ज्वल भविष्य की नींव है. उन्होंने मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के प्रयासों की सराहना करते हुए इसे क्षेत्र के आर्थिक-सामाजिक विकास के लिए मील का पत्थर बताया.
35 एकड़ में फैलेगा अत्याधुनिक कैंपस, मिलेंगी विश्वस्तरीय सुविधाएं
प्रस्तावित इंजीनियरिंग कॉलेज का निर्माण कुल 34.93 एकड़ के विशाल क्षेत्र में किया जाएगा. परिसर में आधुनिक शैक्षणिक वातावरण तैयार करने के लिए दो बड़े अकादमिक ब्लॉक, स्मार्ट क्लासरूम और प्रयोगशालाएं बनाई जाएंगी. छात्रों और छात्राओं के लिए अलग-अलग छात्रावास (10,285 वर्गमीटर), कैंटीन, मेस और एक भव्य ऑडिटोरियम का भी निर्माण होगा. इसके साथ ही शिक्षकों और कर्मचारियों के लिए आवासीय सुविधा, प्रशासनिक भवन और वर्कशॉप जैसी तमाम सुविधाएं एक ही कैंपस के भीतर उपलब्ध होंगी.
प्रशासनिक मुस्तैदी और भविष्य का खाका
उपायुक्त रामनिवास यादव ने स्वागत भाषण में सरकार के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि सामूहिक प्रयासों से यह सपना साकार हो रहा है. ठेकेदार मेसर्स निरंजन राय ने समयबद्ध और उच्च गुणवत्ता वाले काम का भरोसा दिलाया है. कॉलेज के निर्माण से न केवल गिरिडीह बल्कि देवघर, धनबाद और आसपास के जिलों के छात्रों को भी बड़ा लाभ मिलेगा. यह संस्थान आने वाली पीढ़ियों के लिए तकनीकी सशक्तिकरण का सबसे बड़ा केंद्र बनेगा, जिससे क्षेत्र में रोजगार और समृद्धि के नए द्वार खुलेंगे.