Back to Top

Facebook WhatsApp Telegram YouTube Instagram
Push Notification

🔔 Enable Notifications

Subscribe now to get the latest updates instantly!

Jharkhand News26 – fastest emerging e-news channel.
  • 2026-04-17

Jamshedpur News: यात्री ट्रेनों को रोक मालगाड़ियों को प्राथमिकता देने पर पर उठा सवाल, बिष्टुपुर में रेल यात्री संघर्ष समिति ने मांगा जवाब

Jamshedpur: जमशेदपुर में टाटानगर रेलवे जंक्शन पर लगातार हो रही ट्रेनों की लेटलतीफी को लेकर अब रेल यात्री संघर्ष समिति ने अपना आंदोलन और तेज करने का निर्णय लिया है। बिष्टुपुर स्थित कार्यालय में आयोजित बैठक में यह सवाल जोर-शोर से उठा कि आखिर यात्री ट्रेनों को रोककर मालगाड़ियों को पहले निकालने का आदेश किस स्तर से दिया जा रहा है। बैठक में यह भी तय किया गया कि चक्रधरपुर रेल मंडल के डीआरएम से इस मुद्दे पर स्पष्ट जवाब मांगा जाएगा कि यह निर्णय उनका है या फिर उच्च स्तर से लिया गया है।

इंफ्रास्ट्रक्चर पर सवाल, हस्ताक्षर अभियान का ऐलान
बैठक में यह मुद्दा भी प्रमुखता से उठाया गया कि जब रेलवे के पास पर्याप्त इंफ्रास्ट्रक्चर नहीं है, तो मालगाड़ियों की संख्या बढ़ाने का आधार क्या है। समिति ने कहा कि यात्री ट्रेनों की समय सारणी तय होती है, जबकि मालगाड़ियों की कोई निश्चित समय सारणी नहीं होती, फिर भी उन्हें प्राथमिकता देना यात्रियों के साथ अन्याय है। इसको लेकर जल्द ही एक शिष्टमंडल डीआरएम को ज्ञापन सौंपेगा, जिसकी प्रति रेलवे बोर्ड के अध्यक्ष और महाप्रबंधक को भी भेजी जाएगी। साथ ही टाटानगर, आदित्यपुर, गोविंदपुर, सलवाजुड़ी, कांड्रा और गम्हरिया समेत आधा दर्जन स्टेशनों पर हस्ताक्षर अभियान चलाने का निर्णय लिया गया है, जिसमें यात्रियों से फीडबैक भी लिया जाएगा।

रेलमंत्री के आदेशों की अनदेखी का आरोप
बैठक में यह भी कहा गया कि जहां एक ओर रेलमंत्री यात्रियों की सुविधा की बात करते हैं, वहीं दूसरी ओर डीआरएम के स्तर पर ऐसी व्यवस्था बनाई जा रही है, जिससे यात्रियों को भारी परेशानी उठानी पड़ रही है। ट्रेनों का घंटों लेट होना यात्रियों के लिए बड़ी समस्या बन गया है। समिति के सदस्यों ने सवाल उठाया कि क्या यह रेलमंत्री के निर्देशों की अनदेखी नहीं है।

आंदोलन को चरणबद्ध तरीके से किया जाएगा तेज
बैठक में यह भी सामने आया कि धरना के 10 दिनों के बाद भी टाटानगर जंक्शन से ट्रेनों की लेटलतीफी में कोई खास सुधार नहीं हुआ है। यात्री लगातार फोन, व्हाट्सएप और सोशल मीडिया के माध्यम से अपनी परेशानी साझा कर रहे हैं, जिससे उनके बीच आक्रोश बढ़ता जा रहा है। समिति ने तय किया है कि अब आंदोलन को चरणबद्ध तरीके से और तेज किया जाएगा, ताकि रेलवे प्रशासन को यात्रियों की समस्याओं पर गंभीरता से ध्यान देना पड़े।

बैठक में ये लोग रहे मौजूद
बैठक की अध्यक्षता संयोजक शिवशंकर सिंह ने की, जबकि विधायक सरयू राय की विशेष उपस्थिति रही। इस दौरान मुकेश मित्तल, सुबोध श्रीवास्तव, मुकुल मिश्रा, अजय कुमार, सतीश कुमार सिंह, नीरज सिंह, कुलविंदर सिंह, अमित शर्मा, अमृता मिश्रा, उषा यादव, अजय गुप्ता, धर्मेंद्र सिंह, जीतेंद्र सिंह, आफताब अहमद सिद्दिकी, रवींद्र कुमार सिंह और अनिल प्रकाश सहित कई लोग उपस्थित रहे।
WhatsApp
Connect With WhatsApp Cannel !