Back to Top

Facebook WhatsApp Telegram YouTube Instagram
Push Notification

🔔 Enable Notifications

Subscribe now to get the latest updates instantly!

Jharkhand News26 – fastest emerging e-news channel.
  • 2026-04-18

JAC 10th Result: झारखंड मैट्रिक रिजल्ट को लेकर सुबह-सुबह मचा हड़कंप, वेबसाइट पर दिखने लगे अंक; फिर जैक ने बताया सच

JAC 10th Result: झारखंड में शनिवार की सुबह मैट्रिक के विद्यार्थियों के लिए किसी सस्पेंस फिल्म से कम नहीं रही. बिना किसी आधिकारिक नोटिस या पूर्व घोषणा के, सोशल मीडिया पर खबर फैल गई कि जैक बोर्ड ने 10वीं का रिजल्ट जारी कर दिया है. विद्यार्थियों को Jacresults.com पर जाकर रोल कोड और रोल नंबर डालने को कहा गया. चौंकाने वाली बात यह रही कि कई छात्रों ने जब अपनी डिटेल्स भरीं, तो उनके रिजल्ट स्क्रीन पर शो होने लगे. लोहरदगा जिले के कुडू और कैरो प्रखंड के कई विद्यार्थियों ने तो अपना डिजिटल मार्कशीट तक निकाल लिया.

स्कूलों ने घोषित कर दिए टॉपर, फिर वेबसाइट हुई “क्रैश”
जैसे-जैसे रिजल्ट निकलने की बात फैली, स्कूलों में उत्साह का माहौल बन गया. कुछ स्कूलों ने तो मार्कशीट के आधार पर अपने टॉपर्स की सूची तक सार्वजनिक कर दी. लेकिन यह खुशी ज्यादा देर नहीं टिकी. अचानक वेबसाइट पर “Error” शो होने लगा और पोर्टल बंद हो गया. घबराए छात्र और अभिभावक जब शिक्षा विभाग और जैक के अधिकारियों को फोन करने लगे, तब जाकर असली कहानी सामने आई. विभाग ने स्पष्ट किया कि जैक ने आधिकारिक तौर पर 10वीं का कोई रिजल्ट जारी नहीं किया है.

साइबर सुरक्षा और तकनीकी गड़बड़ी पर सवाल
जैक बोर्ड के अनुसार, वर्तमान में केवल 9वीं कक्षा का रिजल्ट जारी किया गया है, मैट्रिक का नहीं. ऐसे में सवाल उठ रहे हैं कि अगर रिजल्ट जारी नहीं हुआ था, तो छात्रों को उनके अंक और मार्कशीट कैसे दिखाई दे रहे थे? विशेषज्ञों का मानना है कि यह या तो पोर्टल की टेस्टिंग के दौरान डेटा लीक होने का मामला है या फिर कोई गंभीर साइबर सुरक्षा चूक. सुबह के समय रिजल्ट का दिखना और फिर अचानक गायब हो जाना जैक की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े कर रहा है.

अभी और करना होगा इंतजार
इस पूरी घटना के बाद विद्यार्थियों में निराशा और भ्रम की स्थिति है. जैक ने स्पष्ट किया है कि मैट्रिक (10वीं) के परिणाम अभी पूरी तरह तैयार नहीं हैं और जब भी इसे जारी किया जाएगा, आधिकारिक प्रेस कॉन्फ्रेंस और पूर्व सूचना के माध्यम से छात्रों को सूचित किया जाएगा. फिलहाल, अभिभावकों को सलाह दी गई है कि वे अफवाहों पर ध्यान न दें और केवल आधिकारिक वेबसाइट के अपडेट पर ही भरोसा करें.
WhatsApp
Connect With WhatsApp Cannel !