Ramgarh News : जिले के भदानीनगर ओपी क्षेत्र में रंगदारी मांगने के मामले में पुलिस ने पांडे गिरोह के एक सदस्य को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान पतरातू रोचाप निवासी गोपाल महतो के 29 वर्षीय पुत्र अशोक महतो के रूप में हुई है।
निर्माणाधीन पुल पर रंगदारी की मांग, नहीं मानने पर दी जा रही थी धमकी
एसडीपीओ गौरव गोस्वामी ने भदानीनगर ओपी में आयोजित प्रेसवार्ता में बताया कि सुथरपुर स्थित एक निर्माणाधीन पुल में काम शुरू करने से पहले मोबाइल के जरिए ‘मैनेज’ करने की धमकी दी जा रही थी। साथ ही चेतावनी दी गई थी कि मांग पूरी नहीं होने पर गंभीर परिणाम भुगतने होंगे। मामले की गंभीरता को देखते हुए रामगढ़ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर एसडीपीओ पतरातू के नेतृत्व में एक एसआईटी का गठन किया गया।
छापेमारी में देशी पिस्टल, जिंदा कारतूस और मोबाइल बरामद
गठित टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी अशोक महतो को गिरफ्तार कर लिया। तलाशी के दौरान उसके पास से एक 7.65 बोर की देशी पिस्टल, तीन जिंदा कारतूस और धमकी देने में प्रयुक्त एंड्रायड मोबाइल बरामद किया गया। पुलिस के अनुसार आरोपी का पूर्व में भी आपराधिक इतिहास रहा है।
छापेमारी दल में पतरातू थाना के पुलिस निरीक्षक सत्येन्द्र कुमार सिंह, भदानीनगर ओपी प्रभारी मो. अख्तर अली, पतरातू थाना प्रभारी शिवलाल कुमार गुप्ता, बरकाकाना ओपी प्रभारी उमा शंकर वर्मा, भुरकुंडा ओपी प्रभारी उपेंद्र कुमार, पुअनि सोमाय सोरेन, पुअनि मनोज मुर्मू सहित सशस्त्र बल के जवान शामिल थे।