Jamshedpur News : कदमा थाना क्षेत्र में पुलिस के पीसीआर कर्मियों पर मारपीट और अभद्र व्यवहार का गंभीर आरोप सामने आया है। शिकायतकर्ता प्रकाश कुमार पटेल, जो एक रिटायर्ड नौसैनिक हैं, ने आरोप लगाया है कि 16 अप्रैल 2026 की शाम करीब 7:40 बजे ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों ने उनके साथ गाली-गलौज और मारपीट की।
एएसआई और ड्राइवर पर गाली-गलौज व थप्पड़ मारने का आरोप
प्रकाश कुमार पटेल के अनुसार, वह ब्लॉक नंबर-3 चौक स्थित एक दुकान पर सामान लेने गए थे। इसी दौरान पीसीआर वाहन वहां पहुंचा, जिसमें एएसआई महावीर उपाध्याय और होमगार्ड जवान सह चालक संजीव कुमार मौजूद थे। आरोप है कि पुलिसकर्मी वहां खड़ी गाड़ियों की फोटो ले रहे थे।
पीड़ित का कहना है कि जब वह अपनी गाड़ी से लौट रहे थे, तभी एएसआई ने उन्हें रोक लिया। कारण पूछने पर कथित तौर पर पहले गाली-गलौज की गई और फिर थप्पड़ मार दिया गया, जिससे उनके कान में परेशानी हो गई। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि चालक संजीव कुमार ने भी गाड़ी से उतरकर उनके साथ मारपीट की।
थाने में शिकायत दर्ज, जांच की मांग
पीड़ित के अनुसार, खुद को बचाने के लिए जब वह भागे तो चालक ने उनका पीछा करने की कोशिश की, जबकि एएसआई नशे की हालत में होने के कारण दौड़ नहीं पाए। उन्होंने यह भी दावा किया कि उस समय एएसआई की वर्दी के बटन खुले हुए थे।
घटना के बाद उनकी गाड़ी को पीसीआर वैन में लादकर कदमा थाना ले जाया गया। फिलहाल इस मामले में संबंधित थाना में शिकायत दर्ज कराई गई है और पूरे प्रकरण की जांच की मांग की गई है।