Seraikela News: सरायकेला-खरसावां जिले में 21 महीने का कार्यकाल पूरा करने के बाद पुलिस अधीक्षक मुकेश कुमार लुनायत को शनिवार को भावभीनी विदाई दी गई. इस मौके पर उन्होंने जिला पुलिस की पूरी टीम की सराहना करते हुए कहा कि वरिष्ठ पदाधिकारियों, थाना प्रभारियों और जवानों की मेहनत के बदौलत ही हर मोर्चे पर सफलता मिली. उन्होंने कानून-व्यवस्था, अपराध नियंत्रण और वीआईपी सुरक्षा जैसे कार्यों में टीम के प्रदर्शन को यादगार बताया.
अपराध और नक्सल मोर्चे पर बड़ी सफलताएं
एसपी लुनायत के कार्यकाल के दौरान जिले में कई महत्वपूर्ण उपलब्धियां दर्ज की गईं. हत्या, लूट और डकैती जैसे गंभीर मामलों में 85% से अधिक कांडों का सफल उद्भेदन हुआ. इसके साथ ही नक्सल विरोधी अभियानों में कई हार्डकोर नक्सलियों की गिरफ्तारी और हथियारों की बरामदगी एक बड़ी उपलब्धि रही. त्योहारों और चुनावों के दौरान शांतिपूर्ण वातावरण बनाए रखने में भी पुलिस टीम खरी उतरी.
आभार और भविष्य की शुभकामनाएं
विदाई समारोह में निवर्तमान एसपी ने जिलावासियों और मीडिया कर्मियों के प्रति भी विशेष आभार जताया. उन्होंने कहा कि पुलिसिंग में जनता और मीडिया का भरपूर सहयोग मिला, जिसके लिए वे कृतज्ञ हैं. कार्यकाल के दौरान जिले में साइबर थाना और महिला हेल्प डेस्क की शुरुआत जैसे आधुनिक पुलिसिंग के कदम भी उठाए गए. विदाई के समय पुलिस लाइन में उन्हें "गार्ड ऑफ ऑनर" दिया गया, जिसके बाद उन्होंने नए अधिकारी को कार्यभार सौंपा.
नए एसपी के सामने होंगी ये चुनौतियां
मुकेश कुमार लुनायत का कार्यकाल सफल रहा, लेकिन जिले में कुछ चुनौतियां अब भी बरकरार हैं. लंबित मामलों (पेंडिंग केस) की संख्या कम करना और अवैध बालू व शराब के कारोबार पर पूरी तरह लगाम लगाना अब नए एसपी के लिए सबसे बड़ी प्राथमिकता होगी. निवर्तमान एसपी ने पूरी टीम को उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं देते हुए विश्वास जताया कि जिला पुलिस इसी ऊर्जा के साथ आगे भी कार्य करती रहेगी.