Jamshedpur News : उपायुक्त के निर्देशानुसार समाहरणालय सभागार में जिला खनन टास्क फोर्स की बैठक आयोजित की गई, जिसमें अवैध खनिज कारोबार पर सख्ती बरतने के निर्देश दिए गए। बैठक में एसडीएम धालभूम अर्नव मिश्रा, अपर उपायुक्त संतोष गर्ग, एडीएम लॉ एंड ऑर्डर राहुल आनंद, डीटीओ धनंजय, डीएमओ सतीष नायक, एसडीपीओ घाटशिला सहित अन्य पदाधिकारी शामिल हुए, जबकि अंचलाधिकारी और थाना प्रभारी ऑनलाइन जुड़े।
25 वाहन जब्त, 7 प्राथमिकी दर्ज, 4 लाख से अधिक जुर्माना वसूला गया
बैठक में 19 मार्च से 17 अप्रैल तक की कार्रवाई की समीक्षा की गई, जिसमें 16 हाईवा, 7 ट्रैक्टर और 2 टाटा 407 सहित कुल 25 वाहनों को जब्त किया गया। इस दौरान 7 प्राथमिकी दर्ज की गईं और 4 लाख 29 हजार रुपये से अधिक जुर्माना वसूला गया।
समीक्षा के दौरान नदियों से बालू के अवैध उत्खनन और परिवहन, वन क्षेत्रों में खनन, बिना पंजीकरण वाले वाहनों की धरपकड़ और ओवरलोडिंग पर विशेष चर्चा की गई।
अवैध खनन, ईंट भट्ठों और इको सेंसिटिव जोन में कार्रवाई तेज करने का निर्देश
बैठक में खनन विभाग को प्राप्त शिकायतों की समीक्षा करते हुए अवैध खनन, ईंट भट्ठों, प्रदूषण और इको सेंसिटिव जोन में हो रहे अवैध उत्खनन पर सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए गए। अंचल अधिकारियों और थाना प्रभारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में बड़े माफियाओं के खिलाफ अभियान तेज करने को कहा गया।
वन विभाग को भी इको सेंसिटिव जोन में अवैध खनन और क्रशर संचालन पर रोक लगाने तथा दोषियों के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई करने का निर्देश दिया गया। अधिकारियों को निर्देश दिया गया कि अवैध खनन, परिवहन और भंडारण के खिलाफ चलाया जा रहा सघन अभियान लगातार जारी रखा जाए।