Jamshedpur News: जमशेदपुर के कदमा थाना क्षेत्र में 16 अप्रैल को एक सैनिक और पूर्व सैनिक के साथ पुलिस द्वारा कथित अभद्रता और मारपीट की घटना ने पूर्व सैनिक समाज में गहरा आक्रोश पैदा कर दिया है। इसे अमानवीय बताते हुए पूर्व सैनिकों ने कहा कि यह घटना भारतीय सेना के सम्मान को ठेस पहुंचाने वाली है।
कदमा थाना पर जोरदार प्रदर्शन
घटना के विरोध में अखिल भारतीय पूर्व सैनिक सेवा परिषद के नेतृत्व में बड़ी संख्या में पूर्व सैनिक कदमा थाना पहुंचे और जोरदार प्रदर्शन किया। उन्होंने एएसआई पीसीआर महावीर उपाध्याय और ड्राइवर संजीव कुमार पर गाली-गलौज और मारपीट के गंभीर आरोप लगाया है।
दोषियों पर कार्रवाई की मांग तेज
प्रदर्शनकारियों का कहना है कि यदि सैनिक से कोई गलती भी हुई थी, तो पुलिस को सेना के अधिकारियों को सूचित करना चाहिए था, न कि खुद कार्रवाई करनी चाहिए थी। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि दोषी पुलिसकर्मियों पर तुरंत कड़ी कार्रवाई नहीं हुई, तो आंदोलन को और बड़ा रूप दिया जाएगा।
न्याय नहीं मिला तो होगा बड़ा आंदोलन
पूर्व सैनिकों ने साफ कहा कि वे हमेशा प्रशासन के सहयोगी रहे हैं, लेकिन अब उनके सम्मान पर चोट पहुंची है। परिषद जल्द ही एसएसपी और सेना के उच्च अधिकारियों से मुलाकात कर न्याय की मांग करेंगे। चेतावनी दी गई है कि यदि जल्द न्याय नहीं मिला, तो बड़ा जनआंदोलन किया जाएगा, जिसकी जिम्मेदारी प्रशासन की होगी।