Dhanbad News : झारखंड कर्मचारी चयन आयोग की प्रारंभिक परीक्षा 2025 को शांतिपूर्ण और कदाचारमुक्त ढंग से संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन ने कड़े सुरक्षा इंतजाम किए हैं। इसके तहत जिले के सभी 46 परीक्षा केंद्रों के 100 मीटर के दायरे में धारा 163 लागू कर दी गई है।
परीक्षा अवधि में भीड़, जमावड़ा और संदिग्ध गतिविधियों पर रोक
अनुमंडल दंडाधिकारी द्वारा जारी आदेश के अनुसार परीक्षा के दौरान केंद्रों के आसपास अनावश्यक भीड़ जुटाने, समूह में खड़े रहने या मटरगश्ती करने पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा। साथ ही ध्वनि विस्तारक यंत्रों के उपयोग, बिना अनुमति हथियार लेकर चलने और किसी भी प्रकार की संदिग्ध गतिविधि पर सख्त रोक लगाई गई है।
कदाचार पर सख्ती, पुलिस बल तैनात कर बढ़ाई गई निगरानी
प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि परीक्षा की शुचिता बनाए रखने के लिए किसी भी प्रकार के कदाचार या अवैध साधनों के इस्तेमाल पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी। सभी केंद्रों के आसपास पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती की गई है और निगरानी बढ़ा दी गई है, ताकि किसी भी तरह की गड़बड़ी को तुरंत रोका जा सके।
प्रशासन ने अभ्यर्थियों और आम नागरिकों से अपील की है कि वे नियमों का पालन करें और परीक्षा को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने में सहयोग करें।