Dhanbad News : पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। कुख्यात गैंगस्टर प्रिंस खान के दाहिने हाथ माने जाने वाले सैफ अब्बास नकबी उर्फ सैफी को दुबई के अजमान से गिरफ्तार किया गया है। पुलिस सूत्रों के अनुसार, आरोपी लंबे समय से फरार चल रहा था और विदेश में बैठकर गैंग की गतिविधियों को संचालित करने में अहम भूमिका निभा रहा था।
अजमान से पकड़ा गया आरोपी, कोलकाता एयरपोर्ट के रास्ते धनबाद लाने की तैयारी
बताया जा रहा है कि सैफ अब्बास नकबी प्रिंस खान गिरोह का सक्रिय सदस्य है, जो रंगदारी, धमकी और संगठित अपराध से जुड़े मामलों में शामिल रहा है। धनबाद पुलिस पहले से ही इस गिरोह पर शिकंजा कसने के लिए लगातार कार्रवाई कर रही थी और इसके कई सदस्यों को गिरफ्तार किया जा चुका है।
जानकारी के मुताबिक, आरोपी को दुबई के अजमान से हिरासत में लेकर भारत लाने की प्रक्रिया शुरू की गई है। उसे कोलकाता एयरपोर्ट लाया जाएगा, जहां से ट्रांजिट रिमांड पर धनबाद लाने की तैयारी है।
गौरतलब है कि प्रिंस खान का नेटवर्क देश-विदेश तक फैला हुआ बताया जाता है और वह विदेश में बैठकर भी झारखंड में रंगदारी और आपराधिक गतिविधियों को अंजाम दिलाता रहा है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि इस गिरफ्तारी से गिरोह की कमर टूटेगी और आने वाले दिनों में और भी बड़े खुलासे हो सकते हैं। फिलहाल, सुरक्षा एजेंसियां आरोपी से पूछताछ की तैयारी कर रही हैं, ताकि गिरोह के अन्य सदस्यों और नेटवर्क का पर्दाफाश किया जा सके।