Garhwa News : सिंगरौली में हुई सनसनीखेज बैंक डकैती के बाद जांच में बड़ा खुलासा हुआ है। डकैती को अंजाम देने के बाद अपराधी झारखंड के गढ़वा पहुंचे, जहां उन्होंने मोबाइल फोन खरीदे। इसी सुराग के आधार पर मध्य प्रदेश पुलिस ने गढ़वा के एक मोबाइल शोरूम में पहुंचकर जांच शुरू की।मामले से जुड़े इनपुट के अनुसार, बैंक डकैती के बाद अपराधी अपनी पहचान छिपाने और संपर्क बनाए रखने के लिए नए मोबाइल और सिम कार्ड खरीद रहे थे। पुलिस को इसकी जानकारी मिलने के बाद टीम ने संबंधित मोबाइल दुकान पर पहुंचकर सीसीटीवी फुटेज और खरीद-बिक्री का पूरा रिकॉर्ड खंगाला।
मोबाइल शोरूम में CCTV खंगाल रही पुलिस, नेटवर्क का पता लगाने की कोशिश
बताया जा रहा है कि मध्य प्रदेश पुलिस की टीम ने स्थानीय पुलिस के सहयोग से दुकान में पूछताछ की और उन लोगों की पहचान करने की कोशिश की, जिन्होंने हाल ही में संदिग्ध तरीके से मोबाइल खरीदे थे। पुलिस को शक है कि यही आरोपी सिंगरौली बैंक डकैती में शामिल हो सकते हैं।
गौरतलब है कि सिंगरौली में दिनदहाड़े हथियारबंद बदमाशों ने बैंक में घुसकर नकदी और सोने की बड़ी लूट को अंजाम दिया था, जिससे पूरे इलाके में हड़कंप मच गया था।
राज्यों के बीच फैला नेटवर्क, कई राज्यों में छापेमारी
जांच एजेंसियों को अब इस गिरोह के अंतरराज्यीय नेटवर्क का संदेह है। पुलिस टीम लगातार अलग-अलग राज्यों में छापेमारी कर रही है और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की तलाश जारी है।
अधिकारियों का कहना है कि मोबाइल खरीद से जुड़े सुराग इस केस में अहम साबित हो सकते हैं और जल्द ही पूरे गिरोह का पर्दाफाश किया जा सकता है। फिलहाल पुलिस सभी एंगल से जांच कर रही है और संदिग्धों पर नजर रखी जा रही है।