Ranchi News: राजधानी रांची के डैमों में पांच फ्लोटिंग रेस्टोरेंट बनाने के लिए राज्य सरकार द्वारा जारी टेंडर को हाई कोर्ट ने सही ठहराया है. दरअसल, पर्यटन विभाग ने वाराणसी की कंपनी “दास एंड कुमार” को यह टेंडर आवंटित किया था, जिसे “शिरोमणि इंडस्ट्रीज प्राइवेट लिमिटेड” ने तकनीकी खामियों का हवाला देते हुए अदालत में चुनौती दी थी. हाई कोर्ट ने याचिका खारिज करते हुए कहा कि याचिकाकर्ता ने टेंडर प्रक्रिया में भाग लेने के बाद इसे चुनौती दी, जबकि किसी भी आपत्ति की स्थिति में प्रक्रिया शुरू होने से पहले ही सवाल उठाए जाने चाहिए थे.
इन तीन डैमों में मिलेगा लजीज व्यंजनों का लुत्फ
अदालती आदेश के बाद अब राजधानी के तीन प्रमुख जलाशयों यानी धुर्वा डैम, गेतलसूद डैम और पतरातू डैम में फ्लोटिंग रेस्टोरेंट तैयार किए जाएंगे. सरकार ने 28 नवंबर 2025 को इन पांच रेस्टोरेंट्स के लिए टेंडर प्रक्रिया शुरू की थी. मामला कोर्ट में लंबित होने के कारण सफल कंपनी “दास एंड कुमार” को राशि का आवंटन नहीं हो पा रहा था और प्रोजेक्ट का काम रुका हुआ था. अब कानूनी बाधाएं दूर होने से जल्द ही निर्माण कार्य शुरू होने की उम्मीद है.
तकनीकी खामियों के आरोपों को कोर्ट ने नकारा
शिरोमणि इंडस्ट्रीज ने आरोप लगाया था कि दास एंड कुमार कंपनी की बोली गलत तरीके से स्वीकार की गई है. हालांकि, सुनवाई के दौरान अदालत ने पाया कि याचिकाकर्ता ने टेंडर प्रक्रिया में हिस्सा लिया और असफल होने के बाद कोर्ट का दरवाजा खटखटाया. कोर्ट की टिप्पणी के बाद अब टेंडर आवंटन की प्रक्रिया पूरी तरह वैध हो गई है. इससे न केवल स्थानीय पर्यटन को नई पहचान मिलेगी, बल्कि राजधानी वासियों को पानी की लहरों के बीच भोजन करने का एक अनूठा अनुभव भी प्राप्त होगा.