Jharkhand Breaking: झारखंड में समय से पहले पड़ रही भीषण गर्मी और लू के खतरे को देखते हुए राज्य सरकार ने बड़ा फैसला लिया है. स्कूली शिक्षा एवं साक्षरता विभाग ने सोमवार को निर्देश जारी कर राज्य के सभी सरकारी और निजी स्कूलों के समय में कटौती कर दी है. यह आदेश 21 अप्रैल से प्रभावी होगा, जिसके तहत बच्चों को चिलचिलाती धूप निकलने से पहले घर भेजने की तैयारी की गई है.
प्राइमरी से प्लस टू तक का नया शेड्यूल
नए आदेश के मुताबिक, अब केजी से लेकर कक्षा 8वीं तक के छोटे बच्चों के स्कूल सुबह 7:00 बजे से 11:30 बजे तक ही संचालित होंगे. वहीं, हाई स्कूल और प्लस टू (कक्षा 9वीं से 12वीं) के विद्यार्थियों के लिए समय सुबह 7:00 बजे से दोपहर 12:00 बजे तक तय किया गया है. सरकार ने स्पष्ट किया है कि यह नियम सभी मान्यता प्राप्त सरकारी, निजी और अल्पसंख्यक स्कूलों पर भी समान रूप से लागू होगा.
शिक्षकों को करना होगा अतिरिक्त कार्य
भले ही छात्रों की छुट्टी जल्दी कर दी गई हो, लेकिन शिक्षकों और गैर-शैक्षणिक कर्मचारियों के लिए ड्यूटी का समय दोपहर 1:00 बजे तक रखा गया है. इस दौरान शिक्षक डेटा एंट्री, मिड-डे मील की रिपोर्टिंग और अन्य जरूरी प्रशासनिक कार्यों को पूरा करेंगे. विभाग ने स्कूलों को यह भी सुनिश्चित करने का निर्देश दिया है कि इस समय के दौरान आउटडोर एक्टिविटी या खेलकूद का आयोजन न किया जाए.
प्रशासन ने साफ कर दिया है कि गर्मी की स्थिति को देखते हुए किसी भी स्कूल को समय में मनमानी करने की छूट नहीं दी जाएगी. जिला शिक्षा पदाधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में इस आदेश का कड़ाई से पालन कराने का जिम्मा सौंपा गया है. अभिभावकों ने सरकार के इस कदम का स्वागत किया है, क्योंकि दोपहर की कड़ी धूप में बच्चों का स्कूल से लौटना उनके स्वास्थ्य के लिए जोखिम भरा साबित हो रहा था.