Jharkhand News: झारखंड को करीब पांच साल के लंबे इंतजार के बाद आखिरकार नया लोकायुक्त मिल गया है. झारखंड उच्च न्यायालय के सेवानिवृत्त न्यायामूर्ति अमिताभ कुमार गुप्ता मंगलवार, 21 अप्रैल को पद और गोपनीयता की शपथ लेंगे.
लोकभवन में होगा शपथ समारोह
शपथ ग्रहण समारोह रांची स्थित लोकभवन में सुबह 11:30 बजे आयोजित किया जाएगा. राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार जस्टिस गुप्ता को शपथ दिलाएंगे. इस कार्यक्रम में मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन समेत कई वरिष्ठ नेता, अधिकारी और न्यायिक क्षेत्र की प्रमुख हस्तियां मौजूद रहेंगी.
शपथ के बाद तुरंत संभालेंगे जिम्मेदारी
शपथ लेने के तुरंत बाद जस्टिस गुप्ता लोकायुक्त के रूप में अपना पदभार ग्रहण करेंगे. इससे पिछले पांच वर्षों से खाली पड़े इस महत्वपूर्ण पद पर फिर से सक्रियता आएगी और भ्रष्टाचार से जुड़े मामलों की सुनवाई को नई गति मिलने की उम्मीद है.
लंबा न्यायिक अनुभव
जस्टिस अमिताभ कुमार गुप्ता वर्ष 1997 से न्यायिक सेवा में रहे हैं. वे बहुचर्चित चारा घोटाले की सुनवाई कर चुके हैं और झारखंड विद्युत नियामक आयोग के अध्यक्ष जैसे अहम पदों पर भी कार्य कर चुके हैं. उनके अनुभव को देखते हुए राज्य में लोकायुक्त संस्था के प्रभावी संचालन की उम्मीद जताई जा रही है.