Jharkhand News: झारखंड पुलिस में अनुशासन बनाए रखने के लिए डीजीपी ने एक सख्त आदेश जारी किया है. पुलिस मुख्यालय को लगातार ऐसी शिकायतें मिल रही थीं कि कई जिलों के एसपी और वाहिनी के कमांडेंट बिना सक्षम अनुमति के अपने कार्यक्षेत्र से बाहर चले जाते हैं और रांची या अन्य जगहों पर भ्रमण करते हैं. इसे गंभीर लापरवाही मानते हुए अब इस पर सख्त रोक लगा दी गई है.
क्या है मामला
मुख्यालय के पत्र में कहा गया है कि कई बार जब किसी जिले में बड़ी घटना या कानून-व्यवस्था की स्थिति बनती है, तो संबंधित अधिकारी अपने मुख्यालय में मौजूद नहीं मिलते. ऐसे समय में उनसे संपर्क करना भी मुश्किल हो जाता है, जिससे स्थिति को संभालने में परेशानी होती है. मुख्यालय ने इस पूरे मामले को बेहद चिंताजनक बताया है.
सभी बड़े अधिकारियों पर भी लागू आदेश
यह आदेश केवल एसपी या कमांडेंट तक सीमित नहीं है, बल्कि एडीजी, आईजी और डीआईजी जैसे वरिष्ठ अधिकारियों पर भी लागू किया गया है. नए निर्देश के अनुसार, अब कोई भी अधिकारी डीजीपी को पहले से सूचना दिए बिना अपना मुख्यालय नहीं छोड़ सकेगा. साथ ही, बिना अनुमति रांची या किसी अन्य स्थान पर जाने पर भी रोक लगा दी गई है.
पुलिस मुख्यालय ने साफ कर दिया है कि आदेश का उल्लंघन करने वाले अधिकारियों पर कार्रवाई की जा सकती है. इस फैसले का उद्देश्य राज्य में पुलिस की जवाबदेही बढ़ाना और आपात स्थिति में त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करना है.