Chakulia News : पूर्वी सिंहभूम जिले में इन दिनों जंगली हाथियों का आतंक लगातार बढ़ता जा रहा है। खासकर चाकुलिया और घाटशिला क्षेत्र में हालात चिंताजनक हो गए हैं। जंगलों से निकलकर हाथी अब गांवों, खेतों और सड़कों तक पहुंच रहे हैं, जिससे ग्रामीणों में भय का माहौल बना हुआ है।मंगलवार को चाकुलिया के मयूरनाचनी गांव के पास हाथियों के उत्पात का बड़ा मामला सामने आया। यहां सात हाथियों का झुंड पिछले कई दिनों से डेरा डाले हुए है। इसी दौरान एफसीआई गोदाम से अनाज लेकर जा रहे एक वाहन को हाथियों ने घेर लिया। चालक ने सूझबूझ दिखाते हुए वाहन को तुरंत पीछे कर लिया, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया। कच्ची सड़क और घने जंगल के कारण हाथियों की मौजूदगी का पहले से अंदाजा नहीं लग सका।
छात्रा हाथियों से बचने के प्रयास में घायल
वहीं हवाई पट्टी क्षेत्र में एक स्कूली छात्रा हाथियों से बचने के दौरान घायल हो गई। माचाडीहा गांव की 11वीं की छात्रा साइकिल से स्कूल जा रही थी, तभी अचानक दो हाथी सामने आ गए। घबराकर भागने के दौरान वह गिर गई, जिससे उसके हाथ और कमर में चोट लग गई। ग्रामीणों ने शोर मचाकर हाथियों को भगाया और छात्रा को सुरक्षित बाहर निकाला। बाद में उसे इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया।
वन विभाग पर लापरवाही के आरोप, ग्रामीणों में आक्रोश
लगातार बढ़ते हाथियों के आतंक से ग्रामीणों में नाराजगी देखी जा रही है। स्थानीय लोगों का आरोप है कि वन विभाग की ओर से पर्याप्त सुरक्षा व्यवस्था नहीं की जा रही है। हाथियों को खदेड़ने के लिए जरूरी संसाधनों और त्वरित कार्रवाई की कमी से लोगों की चिंता बढ़ती जा रही है।
ग्रामीणों ने प्रशासन से जल्द ठोस और प्रभावी कदम उठाने की मांग की है, ताकि इस समस्या से राहत मिल सके।