Jamshedpur: कदमा थाना क्षेत्र स्थित टीएमएच डॉक्टर हॉस्टल में रहने वाली डॉक्टर गीति सुधा मुंड के घर से सोने के जेवरात चोरी हो जाने का मामला सामने आया है। चोरी हुए सामान में अंगूठी सहित अन्य कीमती गहने शामिल हैं, जिसके बाद पूरे परिसर में हड़कंप मच गया। डॉक्टर के आवेदन के आधार पर कदमा थाना में मामला दर्ज किया गया है और पुलिस ने इस मामले में घर में काम करने वाले तीन लोगों को नामजद किया है।
गार्ड, मेड और कुक पर जताया गया शक, एफआईआर दर्ज
डॉक्टर गीति सुधा मुंड ने अपने आवेदन में घर के गार्ड रमेश, मेड तुलसी और खाना बनाने वाले कुक दुर्गा पर चोरी का संदेह जताया है। इसके आधार पर पुलिस ने बुधवार को तीनों के खिलाफ नामजद एफआईआर दर्ज कर ली है और उनसे पूछताछ की जा रही है। पुलिस पूरे मामले को गंभीरता से लेते हुए हर पहलू की जांच में जुटी हुई है।
अलमारी का ताला तोड़कर निकाले गए जेवरात
थाना प्रभारी के अनुसार, सोने के जेवरात घर की अलमारी में सुरक्षित रखे गए थे। घटना के समय डॉक्टर ड्यूटी पर थीं और जब वह वापस लौटीं तो देखा कि अलमारी से गहने गायब हैं। जांच के दौरान यह भी सामने आया है कि घर में किसी बाहरी व्यक्ति के आने के संकेत नहीं मिले हैं, जिसके चलते घर में मौजूद कर्मचारियों पर ही संदेह गहराया है।
20 अप्रैल की दोपहर से शाम के बीच हुई वारदात
पुलिस के अनुसार यह चोरी की घटना 20 अप्रैल को दोपहर करीब 3:30 बजे से लेकर शाम 7:30 बजे के बीच की है। डॉक्टर गीति सुधा मुंड टीएमएच डॉक्टर हॉस्टल के क्वार्टर नंबर A-103 में रहती हैं। मामले की जांच कदमा थाना के सब-इंस्पेक्टर दीपक कुमार महतो कर रहे हैं और पुलिस का कहना है कि जल्द ही पूरे मामले का खुलासा किया जाएगा।