Jamshedpur News : टाटानगर स्थित गुदरी बाजार में बुधवार को रेलवे द्वारा चलाए जा रहे अतिक्रमण हटाओ अभियान के दौरान अंतिम समय में कार्रवाई टाल दी गई। रेलवे इंजीनियरिंग विभाग की टीम, मजिस्ट्रेट सुदीप्तो राय और भारी पुलिस बल “श्री लक्ष्मी भंडार” नामक दुकान को हटाने पहुंचा था।कार्रवाई शुरू होने से पहले दुकान संचालक मुरारी लाल अग्रवाल ने विरोध जताते हुए बताया कि इस मामले में झारखंड हाई कोर्ट में याचिका दायर की गई है और मामला विचाराधीन है। उन्होंने स्टे ऑर्डर लाने के लिए 15 दिन का समय मांगा। इसके बाद प्रशासन ने विचार-विमर्श कर फिलहाल कार्रवाई स्थगित कर दी।
हलफनामा देने की शर्त पर मिली राहत
मजिस्ट्रेट सुदीप्तो राय ने निर्देश दिया कि दुकानदार को एसडीओ कार्यालय में हलफनामा दाखिल करना होगा। हलफनामे में स्पष्ट करना होगा कि यदि 15 दिनों के भीतर हाईकोर्ट से स्टे ऑर्डर नहीं मिलता है, तो रेलवे बिना किसी बाधा के दुकान हटाने की कार्रवाई कर सकेगा।
गुदरी बाजार में चर्चा तेज, आगे भी जारी रहेगा अभियान
घटना के बाद गुदरी बाजार में अतिक्रमण हटाओ अभियान को लेकर चर्चाएं तेज हो गई हैं। स्थानीय व्यापारियों के बीच यह सवाल उठ रहा है कि क्या अन्य अतिक्रमणकारियों को भी ऐसी राहत मिलेगी या प्रशासन आगे सख्ती बरतेगा।
प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि रेलवे जमीन पर अवैध कब्जा करने वालों के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा और सभी कार्रवाई कानून के दायरे में ही की जाएगी।