Jamshedpur News : साकची स्थित आमबागान मैदान में 24 अप्रैल 2026 से “फन वर्ल्ड डिज़्नीलैंड” मेले का भव्य शुभारंभ होने जा रहा है। मेले के उद्घाटन को लेकर सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। संवाददाता सम्मेलन में फन वर्ल्ड के संचालक चंद्रशेखर पर्वत ने बताया कि इस गरिमामय अवसर पर जमशेदपुर के सांसद विद्युत वरण महतो मुख्य अतिथि के रूप में मौजूद रहेंगे।आयोजकों के अनुसार यह मेला मनोरंजन, खरीदारी और खान-पान का बड़ा केंद्र बनेगा, जहां बच्चों, युवाओं और परिवार के सभी सदस्यों के लिए कई आकर्षण मौजूद रहेंगे। आमबागान मैदान में विभिन्न प्रकार के बड़े और छोटे झूले लगाए गए हैं, जिनमें रोमांचक राइड्स के साथ बच्चों के लिए विशेष मनोरंजन सुविधाएं उपलब्ध रहेंगी।
झूले, फूड स्टॉल और टेक्सटाइल बाजार होंगे मुख्य आकर्षण
मेले में विभिन्न राज्यों के टेक्सटाइल स्टॉल, स्वादिष्ट व्यंजनों के फूड स्टॉल और महिलाओं के लिए मनिहारी सामान के विशेष स्टॉल लगाए गए हैं। साथ ही स्थानीय और बाहरी कारीगरों के हस्तशिल्प और कलात्मक उत्पाद भी लोगों के आकर्षण का केंद्र होंगे। आयोजकों का कहना है कि एक ही परिसर में मनोरंजन और खरीदारी का अनूठा अनुभव मिलेगा।
आयोजन समिति ने शहरवासियों से परिवार और मित्रों के साथ मेले में शामिल होकर आनंद लेने की अपील की है। नौ दिनों तक चलने वाले इस आयोजन को शहर के बड़े पारिवारिक मनोरंजन उत्सव के रूप में देखा जा रहा है, जहां हर उम्र के लोगों के लिए कुछ न कुछ खास होगा।