Bengal Election Update : पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के पहले चरण के तहत आज सुबह 7 बजे से 16 जिलों की 152 विधानसभा सीटों पर मतदान शुरू हो गया। मतदान शाम 6 बजे तक जारी रहेगा। उत्तर और दक्षिण 24 परगना, मुर्शिदाबाद और मालदा जैसे संवेदनशील इलाकों में कड़ी सुरक्षा व्यवस्था की गई है। केंद्रीय बलों की तैनाती के साथ हर गतिविधि पर पैनी नजर रखी जा रही है, ताकि चुनाव शांतिपूर्ण और निष्पक्ष ढंग से संपन्न हो सके।
झारखंड-बंगाल सीमा पर हाई अलर्ट, चेकपोस्टों पर सघन जांच अभियान
चुनाव को देखते हुए झारखंड-बंगाल सीमा पर भी सुरक्षा कड़ी कर दी गई है। धनबाद-बंगाल बॉर्डर पर पुलिस हाई अलर्ट पर है। धनबाद के एसएसपी प्रभात कुमार ने बताया कि डिबुडीह और चिरकुंडा चेकपोस्ट पर विशेष निगरानी रखी जा रही है। हर वाहन की तलाशी ली जा रही है और संदिग्ध गतिविधियों पर तत्काल कार्रवाई की जा रही है, ताकि चुनाव के दौरान किसी तरह की गड़बड़ी न हो।
7384 अति-संवेदनशील बूथ, 3.87 करोड़ मतदाता करेंगे मतदान
चुनाव आयोग के अनुसार राज्य के 44,378 मतदान केंद्रों में से 7,384 बूथ अति-संवेदनशील घोषित किए गए हैं। पहले चरण में 3.87 करोड़ मतदाता अपने मताधिकार का इस्तेमाल करेंगे, जिनमें 1.82 करोड़ महिला मतदाता शामिल हैं। इस चरण में तृणमूल कांग्रेस, भाजपा, वाम मोर्चा और कांग्रेस के उम्मीदवार मैदान में हैं, जबकि मतगणना 19 मई को होगी।