Seraikela News: सरायकेला-खरसावां जिले के आदित्यपुर में टाटा-कांड्रा मुख्य मार्ग पर लगातार लग रहे जाम को देखते हुए पुलिस प्रशासन ने सख्त कदम उठाया है. एसपी निधि द्विवेदी के निर्देश पर इस मार्ग को नो पार्किंग जोन घोषित कर दिया गया है.
अवैध पार्किंग से बढ़ रही थी परेशानी, सड़क किनारे लगाए गए नो पार्किंग बोर्ड
ट्रैफिक प्रभारी सह इंस्पेक्टर राजू कुमार के नेतृत्व में सड़क किनारे नो पार्किंग साइन बोर्ड लगाए गए हैं. उन्होंने बताया कि मुख्य मार्ग पर वाहनों की अवैध पार्किंग के कारण रोजाना जाम की स्थिति बन रही थी. इससे आम लोगों के साथ-साथ स्कूली बच्चों और एंबुलेंस सेवाओं को भी भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा था. इस समस्या को ध्यान में रखते हुए पूरे मार्ग पर यह सख्ती लागू की गई है.
नियम तोड़ने पर कार्रवाई तय, वाहन जब्ती तक होगी कार्रवाई
इंस्पेक्टर राजू कुमार ने साफ किया कि नो पार्किंग जोन में वाहन खड़ा करने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी. नियम उल्लंघन करने वालों का चालान काटा जाएगा और जरूरत पड़ने पर वाहनों को जब्त भी किया जाएगा. साथ ही वाहन चालकों से अपील की गई है कि वे केवल निर्धारित पार्किंग स्थलों का ही उपयोग करें, ताकि यातायात व्यवस्था सुचारू बनी रहे और दुर्घटनाओं की संभावना कम हो.
प्रशासन की इस पहल से उम्मीद की जा रही है कि टाटा-कांड्रा मार्ग पर जाम की समस्या में कमी आएगी और लोगों को राहत मिलेगी.