Jamshedpur News : परसुडीह थाना क्षेत्र के गोलपाड़ी में गुरुवार को एक चौंकाने वाली घटना सामने आई, जहां एक व्यक्ति ने पारिवारिक विवाद के चलते अपने ही घर में आग लगा दी। बताया जा रहा है कि गोलपाड़ी निवासी राजा प्रसाद ने गुस्से में आकर यह कदम उठाया, जिससे घर में रखा सारा सामान जलकर राख हो गया। इस आगजनी में लाखों रुपये के नुकसान की आशंका जताई जा रही है।
दमकल और स्थानीय लोगों की मदद से आग पर पाया गया काबू
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय लोगों ने तुरंत अग्निशमन विभाग को खबर दी। मौके पर दमकल की एक गाड़ी पहुंची और स्थानीय लोगों के सहयोग से आग पर काबू पाया गया। यदि समय रहते आग पर नियंत्रण नहीं पाया जाता, तो आसपास के कई घर भी इसकी चपेट में आ सकते थे।
नशे की हालत में पत्नी से विवाद के बाद उठाया कदम, आरोपी फरार
स्थानीय लोगों के अनुसार, राजा प्रसाद अक्सर नशे की हालत में अपनी पत्नी के साथ विवाद करता था। गुरुवार सुबह भी वह नशे में था और पत्नी से झगड़ा कर रहा था, इसी दौरान उसने गुस्से में घर में आग लगा दी और मौके से फरार हो गया। इस घटना में घर का सारा सामान और जरूरी कागजात जलकर नष्ट हो गए। फिलहाल, पुलिस मामले की जांच में जुटी है।