Jharkhand: झारखंड के खूंटी जिले से एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जहां एक युवक पर सोशल मीडिया पर रील्स बनाने के लिए सांपों और अन्य वन्यजीवों की हत्या करने का आरोप लगा है। People For The Ethical Treatment Of Animals (PETA) की शिकायत के बाद पुलिस और वन विभाग ने मामले में कार्रवाई शुरू कर दी है। मिली जानकारी के अनुसार, आरोपी युवक लुतर पूर्ति सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म Instagram पर वीडियो और रील्स बनाने के लिए जंगली जानवरों को पकड़ता और उन्हें मारता था। उसके कई वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुए, जिनमें वह जहरीले सांपों और अन्य जीवों के साथ क्रूरता करता नजर आया।
आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज
वीडियो में युवक को रसेल वाइपर और इंडियन रॉक पाइथन जैसे खतरनाक और संरक्षित सांपों को मारते हुए देखा गया। इतना ही नहीं, कुछ वीडियो में वह इन जानवरों का मांस पकाकर खाते हुए भी दिखाई दिया, जिससे मामला और गंभीर हो गया। इस घटना के सामने आने के बाद पशु अधिकार संगठन People for the Ethical Treatment of Animals (PETA) और अन्य एक्टिविस्ट्स ने कड़ी आपत्ति जताते हुए प्रशासन से शिकायत की। शिकायत के आधार पर पुलिस और वन विभाग ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी की पहचान कर उसके खिलाफ मामला दर्ज किया।
बॉन्ड पर अपराधी जुटा, परिजनों का पक्ष
अधिकारियों के अनुसार, यह मामला वन्यजीव संरक्षण अधिनियम 1972 के तहत गंभीर अपराध की श्रेणी में आता है। संरक्षित वन्यजीवों का शिकार करना कानूनन प्रतिबंधित है और दोषी पाए जाने पर कड़ी सजा और जुर्माने का प्रावधान है।
फिलहाल आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई और बाद में उसे बॉन्ड पर छोड़ दिया गया है। वन विभाग मामले की गहन जांच कर रहा है और अन्य सबूत जुटाए जा रहे हैं। आरोपी के परिजनों ने सफाई देते हुए कहा कि युवक मानसिक रूप से अस्वस्थ है। उनका दावा है कि सांप का मांस खाने के बाद उसकी तबीयत भी बिगड़ गई थी। परिवार ने प्रशासन से सख्त सजा के बजाय इलाज की मांग की है।