Ramgarh News : पुलिस ने अपराध नियंत्रण और विधि-व्यवस्था को और मजबूत करने के लिए ‘डेली मीटिंग’ पहल की शुरुआत की है। इस नई व्यवस्था के तहत अब थाना प्रभारी प्रतिदिन पदाधिकारियों और कर्मियों के साथ बैठक कर “टास्क ऑफ द डे” तय करेंगे। इस पहल का उद्देश्य थाना स्तर पर जवाबदेही बढ़ाना, लंबित मामलों की समीक्षा करना और पुलिस कार्यप्रणाली को अधिक प्रभावी बनाना है।
हर दिन तय होंगी जिम्मेदारियां, लंबित वारंट से अनुसंधान तक होगी समीक्षा
नई व्यवस्था के तहत प्रतिदिन सुबह होने वाली बैठक में लंबित वारंट, फरारियों की गिरफ्तारी, चरित्र और पासपोर्ट सत्यापन, कांडों के अनुसंधान, ई-साक्ष्य और विधि-व्यवस्था से जुड़े कार्यों की समीक्षा कर जिम्मेदारियां तय की जाएंगी। अगले दिन पिछले कार्यों की समीक्षा भी की जाएगी, जिससे प्रत्येक पदाधिकारी की भूमिका और जवाबदेही सुनिश्चित हो सके।
एसपी की पहल से पुलिसिंग में सुधार की उम्मीद, लापरवाही पर होगी कार्रवाई
रामगढ़ एसपी की इस पहल को पुलिसिंग में सुधार की दिशा में अहम कदम माना जा रहा है। निर्देश दिया गया है कि अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी और पुलिस निरीक्षक भी नियमित निगरानी करेंगे। साथ ही गैर-अनुपालन या लापरवाही पाए जाने पर संबंधित पदाधिकारियों पर अनुशासनात्मक कार्रवाई की भी चेतावनी दी गई है।