Stock Market: ग्लोबल लेवल पर बढ़ती अनिश्चितता के बीच शुक्रवार को शेयर बाजार की शुरुआत गिरावट के साथ हुई। सेंसेक्स 180 अंकों की गिरावट के साथ 77,483.80 पर खुला, जबकि निफ्टी 50 भी 72 अंक टूटकर 24,100.55 के स्तर पर खुला। बाजार खुलने के कुछ ही मिनटों में बिकवाली तेज हो गई और सुबह 9:28 बजे सेंसेक्स 410 अंक तक लुढ़क गया, वहीं निफ्टी 24,100 के नीचे फिसल गया। मिडकैप और स्मॉलकैप शेयरों में भी हल्की कमजोरी देखी गई।
आईटी सेक्टर दबाव में, इन्फोसिस सबसे ज्यादा फिसला
निफ्टी पैक में आईटी शेयरों पर सबसे ज्यादा दबाव देखने को मिला। इन्फोसिस करीब 2.95 फीसदी गिरकर सबसे बड़ा लूजर रहा, जबकि टीसीएस में 2 फीसदी की गिरावट आई। इसके अलावा सनफार्मा, एचसीएल टेक और अडानी इंटरप्राइजेज के शेयरों में भी गिरावट दर्ज की गई। कमजोर गाइडेंस और वैश्विक संकेतों का असर आईटी सेक्टर पर साफ नजर आया।
चुनिंदा शेयरों में तेजी, कोल इंडिया ने दिया सहारा
वहीं दूसरी ओर कुछ शेयरों ने बाजार को सहारा देने की कोशिश की। कोल इंडिया में 2.34 फीसदी की बढ़त दर्ज की गई, जबकि मैक्स हेल्थ, टाटा कंज्यूमर, ग्रासिम और नेस्ले इंडिया के शेयरों में भी हल्की तेजी देखने को मिली। निवेशक अभी भी उन कंपनियों पर दांव लगा रहे हैं जिनमें मजबूत ग्रोथ की संभावनाएं नजर आ रही हैं।
वैश्विक तनाव और एफपीआई बिकवाली से बाजार पर दबाव
बाजार फिलहाल पश्चिम एशिया के तनाव, कच्चे तेल की कीमतों में उतार-चढ़ाव और विदेशी निवेशकों की बिकवाली से प्रभावित है। ब्रेंट क्रूड 106 डॉलर के पार पहुंच चुका है, जबकि एफपीआई फिर से बिकवाली कर रहे हैं, जिससे रुपये पर भी दबाव बना है। जब तक वैश्विक हालात स्थिर नहीं होते, तब तक बाजार में उतार-चढ़ाव जारी रहने की संभावना है।