Vandebharat Express: भारतीय रेलवे अब जम्मू से श्रीनगर तक वंदे भारत एक्सप्रेस का विस्तार करने जा रही है, जिससे यात्रियों को सीधी और तेज कनेक्टिविटी वाली सफर मिलेगी। पहले यह ट्रेन कटरा से श्रीनगर तक चलती थी, लेकिन अब इसे जम्मू तक बढ़ाने की तैयारी पूरी हो चुकी है। इससे कश्मीर की घाटी तक पहुंच और भी आसान हो जाएगी।
8 से 20 कोच तक विस्तार
शुरुआत में इस ट्रेन में सिर्फ 8 डिब्बे थे, जिनमें करीब 540 यात्रियों की क्षमता थी। लेकिन जबरदस्त डिमांड और लगातार फुल बुकिंग के चलते अब इसे 20 कोच का किया जा रहा है। इससे एक बार में 1400 से ज्यादा यात्री सफर कर सकेंगे, जो इस रूट की लोकप्रियता को दर्शाता है।
आधुनिकता के साथ आस्था, बदलेगा जम्मू स्टेशन का रूप
जम्मू रेलवे स्टेशन को भी नया और आकर्षक रूप दिया जा रहा है। इसे मंदिर वास्तुकला से प्रेरित डिजाइन में तैयार किया जा रहा है, जिससे यह शहर की धार्मिक पहचान को दर्शाएगा। साथ ही स्टेशन पर आधुनिक सुविधाएं भी होंगी, जिससे यात्रियों को बेहतर अनुभव मिलेगा।
30 अप्रैल से शुरुआत, कम समय में आसान यात्रा
जम्मू-श्रीनगर वंदे भारत ट्रेन सेवा 30 अप्रैल 2026 से शुरू होने जा रही है। 266 किलोमीटर लंबे इस रूट पर यात्रा समय 5 घंटे से भी कम रहने का दावा है। खास बात यह है कि ट्रेन को सर्दियों के मौसम को ध्यान में रखकर डिजाइन किया गया है, जिससे हर मौसम में आरामदायक सफर संभव होगा।