Rajasthan News: राजस्थान के नीमराना में एक अवैध कबाड़ गोदाम में भीषण आग लगने से झारखंड के चार मजदूरों की दर्दनाक मौत हो गई। मृतकों में दो मासूम बच्चे भी शामिल हैं। हादसे में एक महिला गंभीर रूप से झुलस गई है, जबकि दो अन्य लोगों के लापता होने की खबर है। शव पूरी तरह जल जाने के कारण पहचान मुश्किल हो रही है, जिसके लिए डीएनए जांच कराई जाएगी।
केमिकल और लापरवाही बनी हादसे की वजह
जानकारी के मुताबिक शुक्रवार शाम करीब पांच बजे गोदाम में कबाड़ से निकली परफ्यूम की बोतलों को तोड़ा जा रहा था, जिनसे ज्वलनशील केमिकल निकल रहा था। इसी दौरान एक पिकअप चालक ने बीड़ी पीकर जलती तीली फेंक दी, जिससे केमिकल में आग लग गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया और गोदाम में रखे केमिकल से भरे ड्रमों में जोरदार धमाके होने लगे।
टीनशेड गिरने से चार लोग फंसे, बचने का मौका नहीं मिला
धमाकों और तेज आग से इलाके में अफरा-तफरी मच गई। हादसे के समय गोदाम में करीब सात लोग मौजूद थे, जिनमें महिलाएं और बच्चे भी शामिल थे। कुछ लोग पीछे की ओर भागकर बच निकले, लेकिन भीषण गर्मी से टीनशेड का पिलर पिघलकर गिर गया, जिससे चार लोग अंदर ही फंस गए और जिंदा जल गए।
अवैध गोदाम पर पहले भी शिकायत, अब प्रशासन हरकत में
स्थानीय लोगों का कहना है कि यह गोदाम कृषि भूमि पर अवैध रूप से चल रहा था और इसकी शिकायत पहले भी की गई थी, लेकिन तब कोई कार्रवाई नहीं हुई। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है। पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंचकर राहत और बचाव कार्य में जुटी हुई है। घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है और मृतकों की पहचान की प्रक्रिया जारी है।