Delhi: दिल्ली के इंदिरा गांधी अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डे पर रविवार सुबह उस वक्त हड़कंप मच गया, जब दिल्ली से ज्यूरिख जा रही स्विस एयर की फ्लाइट टेकऑफ के दौरान तकनीकी खराबी का शिकार हो गई। जानकारी के अनुसार, फ्लाइट SWR146 (LX147) उड़ान भरने ही वाली थी कि अचानक उसके एक इंजन ने काम करना बंद कर दिया और विमान के बाएं हिस्से से धुआं उठता देखा गया। इसी दौरान दाईं ओर लैंडिंग गियर के पास आग लगने की भी सूचना मिली, जिससे स्थिति बेहद गंभीर हो गई और तुरंत फुल इमरजेंसी घोषित करनी पड़ी।
रनवे खाली कराया गया, 6 यात्री घायल
घटना के बाद एयरपोर्ट प्रशासन ने तत्काल कार्रवाई करते हुए विमान को रनवे पर ही रोक दिया और पूरे क्षेत्र को खाली कराया गया। इमरजेंसी प्रोटोकॉल लागू करते हुए यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकालने की प्रक्रिया शुरू की गई। इस दौरान अफरा-तफरी के बीच छह यात्री घायल हो गए, जिन्हें तुरंत अस्पताल में भर्ती कराया गया। हालांकि, राहत की बात यह रही कि समय रहते उठाए गए कदमों से एक बड़ा हादसा टल गया और सभी यात्रियों की जान बच गई।
232 लोग थे सवार, क्रू ने दिखाई सूझबूझ
बताया जा रहा है कि इस फ्लाइट में कुल 228 यात्री और 4 शिशु सवार थे, यानी कुल 232 लोग विमान में मौजूद थे। टेकऑफ रोल के दौरान ही इंजन में खराबी आने और आग लगने के संकेत मिलते ही क्रू ने तुरंत विमान को रोकने का फैसला लिया और आपातकालीन निकासी शुरू कर दी। अधिकांश यात्रियों को इमरजेंसी स्लाइड के जरिए बाहर निकाला गया, जबकि कुछ को सीढ़ियों की मदद से सुरक्षित उतारा गया। क्रू मेंबर्स पूरी तरह सुरक्षित हैं और उनकी तत्परता की वजह से स्थिति नियंत्रण में रही।
एयरपोर्ट और एयरलाइन का बयान, जांच शुरू
एयरपोर्ट प्रशासन ने स्पष्ट किया कि घटना के दौरान सभी सुरक्षा मानकों का पालन किया गया और एयरपोर्ट का संचालन प्रभावित नहीं हुआ। वहीं, एयरलाइन की ओर से जारी बयान में कहा गया कि टेकऑफ के तुरंत बाद इंजन में तकनीकी खराबी सामने आई, जिसके बाद एहतियातन उड़ान रद्द कर दी गई और विमान खाली कराया गया। इस पूरी घटना की जांच के लिए एक विशेष टास्क फोर्स का गठन किया गया है, ताकि तकनीकी खामी के कारणों का पता लगाया जा सके।