Giridih News : जिले के देवरी थाना क्षेत्र स्थित चतरो-खिजुरी मेन रोड पर सिरनाटांड़ के पास सोमवार को दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। बाइक और मालवाहक पिकअप की जोरदार टक्कर में बाइक सवार अशोक हाजरा की मौत हो गई, जबकि 15 वर्षीय रमेश कुमार गंभीर रूप से घायल हो गया।
आक्रोशित ग्रामीणों ने किया सड़क जाम, प्रशासन के हस्तक्षेप के बाद यातायात बहाल
मृतक अशोक हाजरा जमुआ थाना क्षेत्र के लताकी गांव का रहने वाला था। जानकारी के मुताबिक दोनों बाइक से जा रहे थे, तभी सिरनाटांड़ के पास मालवाहक पिकअप से टक्कर हो गई। हादसे के बाद स्थानीय ग्रामीणों ने दोनों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र देवरी पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर हालत में अशोक हाजरा को गिरिडीह रेफर किया गया, लेकिन रास्ते में उसकी मौत हो गई।
मौत से नाराज ग्रामीणों और परिजनों ने शव के साथ चतरो बजरंग मोड़ में जमुआ-चकाई मुख्य मार्ग जाम कर मुआवजे की मांग की। सड़क जाम की सूचना पर इंस्पेक्टर रोहित कुमार, देवरी थाना प्रभारी श्वेता कुमारी समेत कई अधिकारी मौके पर पहुंचे और लोगों को समझाकर जाम हटवाया, जिसके बाद यातायात बहाल हो सका।
घटना के बाद पुलिस ने पिकअप वाहन की पहचान और आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है। घायल रमेश कुमार का इलाज जारी है। हादसे को लेकर इलाके में शोक और आक्रोश का माहौल है।