Ranchi News : बिना सूचना अपने-अपने मुख्यालय छोड़ने के मामले में JAP, IRB और SIRB के पांच कमांडेंटों को तलब किया गया है। पुलिस मुख्यालय ने सभी अधिकारियों से स्पष्टीकरण मांगते हुए शो-कॉज नोटिस जारी किया है।
यह कार्रवाई जैप डीआईजी एस. कार्तिक की रिपोर्ट के आधार पर की गई है।जिन अधिकारियों से जवाब मांगा गया है उनमें JAP-5, JAP-8, JAP-9, IRB-9 और SIRB-2 के कमांडेंट शामिल हैं। नोटिस में पूछा गया है कि किन परिस्थितियों में उन्होंने वरिष्ठ अधिकारियों को सूचना दिए बिना मुख्यालय छोड़ा।
अनुशासनहीनता पर सख्ती, विभाग ने मांगा जवाब
पुलिस मुख्यालय ने इस मामले को गंभीर अनुशासनहीनता मानते हुए संबंधित अधिकारियों से तय समय सीमा में जवाब देने को कहा है। बताया जा रहा है कि विभाग इस मामले में जवाब मिलने के बाद आगे की कार्रवाई पर फैसला करेगा।
सूत्रों के अनुसार यह कार्रवाई पुलिस बल में अनुशासन और जवाबदेही सुनिश्चित करने के उद्देश्य से की गई है। बिना अनुमति मुख्यालय छोड़ने को लेकर विभाग ने कड़ा रुख अपनाया है।
रिपोर्ट के बाद बढ़ी हलचल, आगे कार्रवाई पर नजर
डीआईजी की रिपोर्ट के बाद पुलिस महकमे में हलचल तेज हो गई है। माना जा रहा है कि संतोषजनक जवाब नहीं मिलने पर संबंधित अधिकारियों पर विभागीय कार्रवाई भी हो सकती है।
पुलिस मुख्यालय ने स्पष्ट संकेत दिया है कि ड्यूटी और अनुशासन से जुड़े मामलों में किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।