Ichagarh News: ईचागढ़ के हाड़ात गांव में जंगली हाथियों के तांडव ने एक हंसते-खेलते परिवार को उजाड़ दिया है. इस दुखद घड़ी में स्थानीय विधायक सविता महतो पीड़ित परिवार से मिलने पहुंचीं. उन्होंने हाथियों के हमले में अपनी पत्नी चाइना देवी और बेटी अमिता बाला को खोने वाले कमल चंद महतो से मुलाकात की और उन्हें ढांढस बंधाया. विधायक ने स्पष्ट किया कि इस संकट में वह और उनकी सरकार परिवार के साथ खड़ी है.
मासूम बेटे का भविष्य संवारेगी सरकार
हादसे में अनाथ हुए मृतका के 9 वर्षीय बेटे अमित महतो के भविष्य को लेकर विधायक ने बड़ी घोषणा की. उन्होंने बताया कि अमित का दाखिला एक अच्छे आवासीय विद्यालय में कराया जाएगा ताकि उसकी पढ़ाई और परवरिश में कोई कमी न आए. इसके लिए विधायक ने मौके पर मौजूद बीडीओ एकता वर्मा को बच्चे के पालन-पोषण और नामांकन से जुड़ी सभी सरकारी प्रक्रियाएं जल्द से जल्द पूरी करने के निर्देश दिए हैं.
राहत सामग्री और तत्काल आर्थिक सहयोग
विधायक ने केवल सांत्वना ही नहीं दी, बल्कि पीड़ित परिवारों को निजी स्तर पर आर्थिक मदद भी प्रदान की ताकि श्राद्ध कर्म और अन्य जरूरी कार्य पूरे हो सकें. साथ ही, उन्होंने परिवार को चावल, चूड़ा, गुड़ और बिस्कुट जैसी आवश्यक राहत सामग्री सौंपी. घटना में गंभीर रूप से घायल हुए मोहनलाल महतो और उनकी बुजुर्ग मां सांतुला देवी के इलाज के लिए विधायक ने समय-समय पर एंबुलेंस उपलब्ध कराने का आश्वासन दिया है.
वन विभाग को सख्त निर्देश, मुआवजे की मांग
क्षेत्र में हाथियों के बढ़ते आतंक को लेकर सविता महतो ने वन विभाग (DFO) से फोन पर बात की और कड़ी नाराजगी जताई. उन्होंने मांग की कि विभाग हाथियों को रिहाइशी इलाकों से दूर रखने के लिए ठोस कदम उठाए. साथ ही, क्षतिग्रस्त घरों की मरम्मत के लिए फंड जारी करने और पीड़ित परिवार को सरकारी नियमों के तहत उचित मुआवजा जल्द दिलाने को कहा. इस मौके पर थाना प्रभारी और वन विभाग के अधिकारी भी मौजूद थे, जिन्हें सुरक्षा बढ़ाने के निर्देश दिए गए.