Jamshedpur: मानगो क्षेत्र में चल रहे काली मंदिर डिमना चौक से बालीगुमा तक एलिवेटेड कॉरिडोर निर्माण कार्य के बीच बढ़ती धूल और उससे हो रही परेशानियों को लेकर नगर निगम ने सख्त रुख अपनाया है। मानगो नगर निगम की महापौर सुधा गुप्ता ने परियोजना का कार्य देख रही कंपनी HN Infra Engg Limited को पत्र लिखकर तत्काल प्रभाव से धूल नियंत्रण के लिए जरूरी कदम उठाने का निर्देश दिया है। उन्होंने साफ कहा है कि यह परियोजना क्षेत्र के विकास के लिए महत्वपूर्ण जरूर है, लेकिन इसके चलते आम लोगों को होने वाली दिक्कतों को नजरअंदाज नहीं किया जा सकता।
धूल से बढ़ी परेशानी, लोगों ने जताई नाराजगी
मेयर को मिली शिकायतों के अनुसार, निर्माण कार्य के कारण आसपास के इलाकों में धूल का स्तर काफी बढ़ गया है, जिससे स्थानीय निवासियों, दुकानदारों, स्कूली बच्चों और राहगीरों को सांस लेने में दिक्कत, दृश्यता में कमी और रोजमर्रा के कामों में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। खासकर सुबह और शाम के समय, जब बाजार और स्कूल-कॉलेज का समय होता है, तब हालात और ज्यादा खराब हो जाते हैं।
निर्माण एजेंसी को दिए गए स्पष्ट निर्देश
महापौर ने निर्माण एजेंसी को निर्देश दिया है कि पूरे कॉरिडोर क्षेत्र में प्रतिदिन कम से कम दो बार सुबह और शाम नियमित रूप से पानी का छिड़काव किया जाए। इसके अलावा वर्तमान व्यवस्था के साथ एक अतिरिक्त पानी टैंकर तुरंत लगाया जाए, ताकि धूल पर प्रभावी नियंत्रण रखा जा सके। जहां-जहां मिट्टी कटिंग, पाइलिंग, ड्रिलिंग या मलबा डंपिंग का काम चल रहा है, वहां जरूरत के अनुसार बार-बार पानी डालने को भी कहा गया है।
मलबा ढंकने और सफाई पर भी जोर
निर्देश में यह भी स्पष्ट किया गया है कि निर्माण सामग्री ले जाने वाले वाहनों को ढंककर चलाया जाए और सड़क पर गिरने वाले मलबे की नियमित सफाई सुनिश्चित की जाए। साथ ही निर्माण एजेंसी को एक जिम्मेदार फील्ड मॉनिटरिंग टीम तैनात करने को कहा गया है, ताकि आम लोगों को कम से कम परेशानी हो और काम व्यवस्थित ढंग से चलता रहे।
जनहित सर्वोपरि, रिपोर्ट देने का निर्देश
मेयर ने कहा कि मानगो की जनता विकास कार्यों का स्वागत करती है, लेकिन इसके साथ नागरिकों की सुविधा और स्वास्थ्य की सुरक्षा भी उतनी ही जरूरी है। उन्होंने निर्माण एजेंसी से अपेक्षा की है कि सभी निर्देशों का पालन करते हुए जल्द से जल्द अनुपालन रिपोर्ट नगर निगम को सौंपे।