Dhanbad News: धनबाद के झरिया में बिजली ठीक करने के दौरान एक कर्मचारी ऊंचे पोल से सीधे कंक्रीट की जमीन पर आ गिरा. श्याम सुंदर नामक यह कर्मचारी ऊंचाई पर तार जोड़ रहा था, तभी अचानक उसका संतुलन बिगड़ा और वह लहूलुहान होकर नीचे गिर पड़ा. इस दर्दनाक हादसे के बाद उसे फौरन अस्पताल पहुंचाया गया है, जहां उसकी स्थिति नाजुक बनी हुई है. इस घटना ने बिजली विभाग की कार्यशैली और सुरक्षा इंतजामों पर गंभीर सवालिया निशान लगा दिए हैं.
करंट लगा या धूप ने छीन लिया होश?
हादसे की वजह को लेकर फिलहाल सस्पेंस बना हुआ है. मौके पर मौजूद कुछ लोग कह रहे हैं कि अचानक तार में करंट आने की वजह से कर्मचारी को झटका लगा. वहीं, दूसरा पक्ष यह मान रहा है कि झरिया की भीषण गर्मी और लू की वजह से कर्मचारी को पोल पर ही चक्कर आ गया होगा. स्थानीय लोगों का तर्क है कि अगर तार में करंट होता, तो पोल पर मौजूद दूसरा साथी भी उसकी चपेट में आता. फिलहाल विभाग इस गुत्थी को सुलझाने के बजाय चुप्पी साधे बैठा है.
यह हादसा विभागीय लापरवाही का एक बड़ा सबूत माना जा रहा है. सवाल उठ रहे हैं कि क्या कर्मचारी के पास हेलमेट, दस्ताने और सबसे जरूरी सेफ्टी बेल्ट थी? अगर कर्मचारी ने सुरक्षा उपकरण पहने होते, तो वह जमीन पर गिरने के बजाय पोल पर ही लटका रहता. इसके अलावा, क्या काम शुरू करने से पहले बिजली का पावर कट (शटडाउन) लिया गया था? इन बुनियादी नियमों की अनदेखी ने एक मजदूर की जान को खतरे में डाल दिया है.
मुआवजे को लेकर आंदोलन की चेतावनी
इस घटना के बाद झरिया के स्थानीय लोगों और सामाजिक संगठनों में भारी गुस्सा है. लोगों ने विभाग को चेतावनी देते हुए कहा है कि कर्मचारी की हालत का जिम्मेदार सिर्फ बिजली विभाग है. उन्होंने मांग की है कि घायल श्याम सुंदर के इलाज का पूरा खर्चा विभाग उठाए और उसे उचित हर्जाना दिया जाए. अगर जल्द ही मुआवजे का एलान नहीं हुआ, तो विभाग के खिलाफ उग्र प्रदर्शन और चक्का जाम किया जाएगा.