Jharkhand News: झारखंड के लातेहार जिले के बरवाडीह और आसपास के इलाकों के लिए एक शानदार खबर है. पूर्व मध्य रेल के धनबाद मंडल ने बरवाडीह में नया केंद्रीय विद्यालय (KV) खोलने का रास्ता साफ कर दिया है. रेलवे ने इसके लिए न केवल अनापत्ति प्रमाण पत्र (NOC) जारी किया है, बल्कि स्कूल के स्थायी परिसर के निर्माण के लिए करीब 9.686 एकड़ जमीन देने के प्रस्ताव को भी मंजूरी दे दी है. इस कदम से दूरदराज के इस रेल क्षेत्र में शिक्षा के स्तर में बड़ा सुधार आने की उम्मीद है.
फिलहाल पुराने स्कूल भवन में शुरू होगी पढ़ाई
बरवाडीह के बच्चों को पढ़ाई के लिए ज्यादा इंतजार नहीं करना पड़ेगा. रेलवे प्रशासन ने तय किया है कि जब तक केंद्रीय विद्यालय की अपनी बिल्डिंग तैयार नहीं हो जाती, तब तक इसका संचालन रेलवे के मौजूदा स्कूल भवन में ही किया जाएगा. स्कूल शुरू करने के लिए अग्नि सुरक्षा और अन्य जरूरी बुनियादी सुविधाओं की जांच पूरी कर ली गई है. रेलवे का लक्ष्य है कि जल्द से जल्द यहां कक्षाओं का संचालन शुरू हो सके ताकि सत्र का नुकसान न हो.
रेल कर्मचारियों और ग्रामीणों को मिलेगा सीधा फायदा
इस प्रोजेक्ट को सफल बनाने में पूर्व मध्य रेल मुख्यालय, हाजीपुर और महाप्रबंधक (GM) की अहम भूमिका रही है. खास बात यह है कि इस पहल को केंद्रीय स्टाफ लाभ निधि (CSBF) के जरिए मदद दी जा रही है. इसका सबसे बड़ा फायदा रेलवे कर्मचारियों के उन बच्चों को होगा जो गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के लिए अब तक बड़े शहरों पर निर्भर थे. साथ ही, स्थानीय ग्रामीणों के बच्चों के लिए भी बेहतर शिक्षा के दरवाजे अब अपने ही क्षेत्र में खुल जाएंगे. बरवाडीह जैसे सुदूर क्षेत्र में केंद्रीय विद्यालय की स्थापना केवल एक स्कूल खोलना नहीं, बल्कि पूरे इलाके के विकास के लिए एक बड़ी उपलब्धि है.