Jamshedpur News: जमशेदपुर के बिष्टुपुर थाना क्षेत्र में छप्पन भोग के पास बुधवार रात एक तेज रफ्तार कार अचानक बेकाबू हो गई और इलाके में अफरा-तफरी मच गई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, कार जुगसलाई की ओर से तेज गति में आ रही थी, तभी चालक ने नियंत्रण खो दिया और कार पहले सड़क के बीच बने डिवाइडर से जा टकराई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार उछलते हुए आगे बढ़ी और एक राहगीर को अपनी चपेट में ले लिया।
डिवाइडर से टकराकर शोरूम में घुसी कार, मची भगदड़
अनियंत्रित कार सड़क पार करते हुए दूसरी ओर स्थित एक नामी ब्रांड के कपड़ों के शोरूम में जा घुसी। जोरदार आवाज के साथ हुए इस हादसे से आसपास के लोग सहम गए और मौके पर भारी भीड़ जमा हो गई। दुर्घटना में कार पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। बताया जा रहा है कि कार में एक दंपत्ति सवार थे, लेकिन हादसे के तुरंत बाद चालक मौके से फरार हो गया, जबकि उसकी पत्नी घटनास्थल पर ही मौजूद रही।
बाल-बाल बची जान, ट्रैफिक हुआ प्रभावित
कार की टक्कर से घायल हुए व्यक्ति को मामूली चोटें आई हैं और स्थानीय लोगों की मदद से उसे तुरंत प्राथमिक उपचार दिलाया गया। फिलहाल उसकी हालत सामान्य बताई जा रही है। घटना के कारण कुछ समय के लिए इलाके में यातायात बाधित रहा, जिसे पुलिस ने मौके पर पहुंचकर नियंत्रित किया और व्यवस्था बहाल कराई। इस घटना ने एक बार फिर तेज रफ्तार और लापरवाह ड्राइविंग के खतरों को उजागर कर दिया है।