Bokaro News: झारखंड के बोकारो जिले में ट्रेजरी से अवैध निकासी मामले की जांच कर रही सीआईडी की एसआईटी को एक और बड़ी सफलता मिली है। टीम ने बोकारो एसपी कार्यालय के अकाउंट सेक्शन में प्रतिनियुक्त एएसआई अशोक कुमार भंडारी को गिरफ्तार किया है।
50 लाख का ट्रांसफर, फर्जी टीए बिल से खेल
जांच में खुलासा हुआ है कि इस पूरे मामले का संबंध पहले से गिरफ्तार लेखापाल कौशल कुमार पांडेय से जुड़ा है। सीआईडी के अनुसार, पांडेय के खाते से भंडारी के खाते में करीब 50 लाख रुपये ट्रांसफर किए गए थे। दोनों मिलकर फर्जी तरीके से कार्य निर्गत कर टीए बिल के जरिए अवैध निकासी कर रहे थे।
1.11 करोड़ की संदिग्ध निकासी, खाते से बड़ा खुलासा
सीआईडी जांच में यह भी सामने आया है कि साल 2020 से अब तक अशोक भंडारी के बैंक खाते से 1.11 करोड़ रुपये से अधिक की संदिग्ध निकासी हुई है। मामले में सीआईडी ने आधिकारिक प्रेस विज्ञप्ति जारी कर जानकारी दी है और जांच को और तेज कर दिया गया है।
राजनीति गरमाई, SIT पर सवाल
गौरतलब है कि बोकारो और हजारीबाग में ट्रेजरी घोटाले के बाद राज्य सरकार ने आईजी पंकज कंबोज के नेतृत्व में एसआईटी का गठन किया है। इससे पहले 27 अप्रैल को गृहरक्षक वाहिनी से जुड़े सतीश कुमार को भी गिरफ्तार किया गया था, जिसके खाते में 1.06 करोड़ रुपये के संदिग्ध लेनदेन सामने आए थे। इस बीच विपक्ष जांच पर सवाल उठाते हुए मामले को दबाने के आरोप लगा रहा है।