Giridih News : जिले के धनवार थाना क्षेत्र अंतर्गत लाल बाजार के पास गुरुवार सुबह करीब 5 बजे एक भीषण सड़क हादसा हो गया। सवारी बस और स्विफ्ट कार के बीच आमने-सामने की जोरदार टक्कर में दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि पांच अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। टक्कर इतनी तेज थी कि कार पूरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गई और मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
शादी समारोह से लौटने के दौरान हुआ हादसा
मृतकों की पहचान बिरनी थाना क्षेत्र के निवासी 70 वर्षीय बंगाली हाड़ी और 24 वर्षीय कुमकुम कुमारी के रूप में हुई है। वहीं हादसे में सुकरी देवी, तारा देवी, रोनित कुमार, जयनारायण और अरविंद यादव घायल हुए हैं। सभी कार में सवार थे और देवघर से शादी समारोह में शामिल होकर लौट रहे थे।
शादी से लौटते समय हुआ हादसा, पुलिस जांच में जुटी, गांव में मातम
जानकारी के अनुसार, सवारी बस खोरीमहुआ की ओर जा रही थी, जबकि कार देवघर से बिरनी की तरफ लौट रही थी। इसी दौरान लाल बाजार के पास दोनों वाहनों की आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई।
घटना के बाद स्थानीय लोगों ने घायलों को बाहर निकालने में मदद की और पुलिस को सूचना दी। धनवार थाना प्रभारी ब्रजेश कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और सभी घायलों को तत्काल अस्पताल भिजवाया। दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया गया है।
प्रारंभिक जांच में तेज रफ्तार और लापरवाही को हादसे का कारण माना जा रहा है। बताया जा रहा है कि बिरनी के बरमसिया गांव का एक परिवार शादी समारोह से लौट रहा था, लेकिन इस हादसे ने पूरे गांव को शोक में डुबो दिया है।