Bihar News : दरभंगा में साइबर ठगी से जुड़े एक बड़े फर्जी सिम रैकेट का खुलासा हुआ है, जहां से विदेशों में साइबर फ्रॉड का संचालन किया जा रहा था। आर्थिक अपराध इकाई पटना की सूचना पर दरभंगा साइबर थाना पुलिस ने छापेमारी कर केवटी थाना क्षेत्र निवासी और “विवेक मोबाइल” के प्रोपराइटर विवेक कुमार को गिरफ्तार किया है।पुलिस ने उसके पास से 36 ब्लैक सिम कार्ड, एक बायोमेट्रिक डिवाइस और दो मोबाइल फोन बरामद किए हैं। पूछताछ में आरोपी ने स्वीकार किया कि वह ग्राहकों के नाम पर कई सिम निकालकर कुछ सिम ग्राहकों को देता था और बाकी सिम साइबर ठगों को ऊंची कीमत पर बेच देता था।
अब तक 34 सिम कंबोडिया भेजे गए, विदेशों से चल रहा था साइबर फ्रॉड नेटवर्क
पुलिस जांच में सामने आया है कि अब तक 34 सिम कार्ड कंबोडिया भेजे जा चुके थे, जहां से साइबर ठगी का पूरा नेटवर्क संचालित हो रहा था। इस मामले में पहले से दर्ज साइबर थाना कांड संख्या 72/25 में बहेड़ा थाना क्षेत्र के रोशन इंटरप्राइजेज के प्रोपराइटर रौशन झा को गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है, जबकि अभिषेक इंटरप्राइजेज का प्रोपराइटर अभिषेक कुमार अब भी फरार है और उसके खिलाफ गिरफ्तारी वारंट जारी है।
पुलिस ने यह भी बताया कि रौशन झा के पास से चीन से मंगाए गए उपकरण और साइबर ठगी से जुड़े सामान बरामद हुए थे, जहां कॉल सेंटर के जरिए ठगी का नेटवर्क चलाया जा रहा था। साइबर डीएसपी बिपिन बिहारी ने लोगों से अपील की है कि सिम खरीदते समय सतर्क रहें और दुकानदार को बार-बार बायोमेट्रिक देने से बचें, क्योंकि इसका दुरुपयोग कर फर्जी सिम जारी किए जा सकते हैं।