Jamshedpur News : पूर्वी सिंहभूम में जनगणना 2026 को लेकर प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। उपायुक्त सह प्रधान जनगणना पदाधिकारी राजीव रंजन के नेतृत्व में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में इस महाअभियान की विस्तृत जानकारी साझा की गई। प्रशासन ने बताया कि इस बार जनगणना को सुव्यवस्थित और प्रभावी बनाने के लिए विशेष तैयारियां की जा रही हैं।
पहली बार डिजिटल मोड में होगी जनगणना, नागरिकों को मिलेगी स्व-गणना की सुविधा
उपायुक्त ने जानकारी दी कि इस बार जनगणना पूरी तरह डिजिटल मोड में संपन्न कराई जाएगी, जिससे प्रक्रिया अधिक पारदर्शी, तेज और सटीक होगी। पहली बार आम नागरिकों को स्व-गणना (Self Enumeration) की सुविधा दी गई है, जिसके तहत 1 मई 2026 से लोग ऑनलाइन पोर्टल के माध्यम से स्वयं अपनी जानकारी दर्ज कर सकेंगे।
प्रत्येक नागरिक को मोबाइल नंबर या ईमेल के जरिए एक यूनिक आईडी प्रदान की जाएगी, जिससे डेटा का सत्यापन आसान और सुरक्षित हो सकेगा।
तय समय-सारणी के तहत होगा कार्य, घर-घर सर्वे 16 मई से शुरू
जिले में जनगणना कार्य को सुचारू रूप से संचालित करने के लिए कई प्रगणना क्षेत्र बनाए गए हैं, जहां ग्रामीण और शहरी इलाकों में टीमों द्वारा तेजी से काम किया जा रहा है।
प्रशासन के अनुसार 27 अप्रैल 2026 से 13 मई 2026 तक प्रशिक्षण कार्यक्रम चलाया जाएगा, जबकि 16 मई 2026 से 14 जून 2026 तक घर-घर सर्वे और जनगणना का कार्य किया जाएगा।
उपायुक्त ने जिलेवासियों से अपील की है कि वे इस राष्ट्रीय अभियान में सक्रिय भागीदारी करें और सही व सटीक जानकारी उपलब्ध कराकर देश के विकास में अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएं।