Adityapur News: अंतरराष्ट्रीय मजदूर दिवस के मौके पर 1 मई को आदित्यपुर में झारखंड मजदूर यूनियन जिला समिति की ओर से बड़े स्तर पर "मजदूर एकता विशाल महारैली" आयोजित की जा रही है. इसे लेकर यूनियन ने प्रेस वार्ता कर पूरी रूपरेखा साझा की है और श्रमिकों से इसमें बढ़-चढ़कर हिस्सा लेने की अपील की है.
औद्योगिक क्षेत्र का भ्रमण करते हुए उपरबेड़ा मैदान पहुंचेगी रैली
यूनियन पदाधिकारियों के अनुसार यह महारैली आदित्यपुर-कांड्रा मुख्य मार्ग से शुरू होगी और पूरे आदित्यपुर-गम्हरिया औद्योगिक क्षेत्र का भ्रमण करेगी. रैली गम्हरिया थाना मोड़ होते हुए उपरबेड़ा मैदान पहुंचेगी. वहां मजदूर नेता स्वर्गीय रतिलाल महतो की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया जाएगा, जिसके बाद कार्यक्रम एक सभा में बदल जाएगा.
मजदूर दिवस पर अवकाश सुनिश्चित करने की मांग, जबरन काम पर चेतावनी
यूनियन ने साफ कहा कि 1 मई को मजदूर दिवस के अवसर पर सभी औद्योगिक इकाइयों में अवकाश रहना चाहिए. पिछले वर्षों में कुछ कंपनियों द्वारा मजदूरों से जबरन काम कराने की शिकायतें सामने आई थीं. इस बार यूनियन ने प्रबंधन से अपील की है कि मजदूरों को छुट्टी दी जाए और उनका वेतन भी सुनिश्चित किया जाए. साथ ही चेतावनी दी गई है कि यदि कहीं भी जबरन काम कराया गया तो संबंधित कंपनी के खिलाफ आंदोलन किया जाएगा.
500 से अधिक मजदूरों की भागीदारी की उम्मीद
यूनियन के मुताबिक इस महारैली में जिले भर से 500 से ज्यादा मजदूर शामिल हो सकते हैं. खास तौर पर आदित्यपुर-गम्हरिया औद्योगिक क्षेत्र के श्रमिकों को इस कार्यक्रम में शामिल होने के लिए आमंत्रित किया गया है. प्रेस वार्ता में कई प्रमुख पदाधिकारी रहे मौजूद. इस आयोजन को लेकर हुई प्रेस वार्ता में मजदूर नेता सुनील गोराई, सकला मार्डी, गणेश टुडू, सुनील हेम्ब्रम, गिरी बैसरा, जगदीश राव, सुखदेव कुम्हार, सपन सरदार और शंकर लोहार सहित कई पदाधिकारी मौजूद रहे.
मजदूर दिवस पर आयोजित होने वाली यह महारैली न केवल श्रमिक एकता का संदेश देगी, बल्कि उनके अधिकारों और सम्मान की आवाज को भी मजबूत करेगी. यूनियन ने साफ संकेत दिया है कि इस बार मजदूरों के हक से कोई समझौता नहीं किया जाएगा.