Seraikela News: सरायकेला-खरसावां जिले में कानून व्यवस्था को और मजबूत करने के लिए पुलिस अधीक्षक निधि द्विवेदी की अध्यक्षता में मासिक अपराध गोष्ठी आयोजित की गई. इस बैठक में जिले के सभी थाना प्रभारियों के साथ विस्तार से समीक्षा की गई और आगे की कार्ययोजना तय की गई.
टाइम बाउंड जांच और लंबित मामलों के निपटारे पर जोर
मासिक क्राइम रिव्यू के दौरान एसपी ने नए आपराधिक कानूनों के तहत तय समय सीमा में जांच पूरी करने पर खास जोर दिया. सभी थाना प्रभारियों को स्पष्ट निर्देश दिए गए कि लंबित मामलों को प्राथमिकता के आधार पर जल्द से जल्द निष्पादित किया जाए. बैठक में सरायकेला और चांडिल के एसडीपीओ, प्रशिक्षु डीएसपी समेत अन्य अधिकारी भी मौजूद रहे. इसके साथ ही अपराध नियंत्रण, नशा कारोबार और साइबर क्राइम जैसे संवेदनशील मुद्दों पर विशेष फोकस रखने की रणनीति बनाई गई. अधिकारियों ने अप्रैल माह की आगामी क्राइम मीटिंग की तैयारियों की भी समीक्षा की और 15 तारीख के भीतर क्राइम रिव्यू पूरा करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया.
ई साक्ष्य और तकनीकी ट्रेनिंग पर फोकस, पुलिसिंग को बनाया जाएगा और मजबूत
बैठक के दौरान थाना प्रभारियों को ई साक्ष्य के इस्तेमाल को लेकर विशेष प्रशिक्षण दिया गया. डिजिटल साक्ष्य जुटाने और उसे अपलोड करने की पूरी प्रक्रिया विस्तार से समझाई गई ताकि जांच को और प्रभावी बनाया जा सके. इसके अलावा निर्णय लिया गया कि अगले सप्ताह सभी थाना प्रभारियों के लिए फर्स्ट एड ट्रेनिंग आयोजित की जाएगी. साथ ही ई साक्ष्य और अन्य जरूरी विषयों पर एक विशेष प्रशिक्षण कैंप भी लगाया जाएगा. एसपी निधि द्विवेदी ने स्पष्ट कहा कि आधुनिक पुलिसिंग के लिए तकनीक के साथ साथ संवेदनशीलता भी उतनी ही जरूरी है.