Ranchi News : झारखंड की राजधानी रांची में ट्रैफिक व्यवस्था को सुधारने के लिए रांची नगर निगम ने अहम फैसला लिया है। शहर के एयरपोर्ट जाने वाले व्यस्त मार्ग को अब नो पार्किंग जोन घोषित कर दिया गया है। निगम ने इस संबंध में आधिकारिक दिशा-निर्देश भी जारी कर दिए हैं।
हिनू चौक से हटिया चौक तक लागू होगा प्रतिबंध
नगर निगम के फैसले के तहत हिनू चौक से हटिया चौक तक के पूरे मार्ग पर सड़क किनारे वाहनों की पार्किंग पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगी। खास तौर पर संतोषी माता मंदिर, हिनू से लेकर CISF कैंप तक सड़क के दोनों किनारों पर पार्किंग पर सख्त रोक लगाई गई है। यह निर्णय भारतीय विमानपत्तन प्राधिकरण और बिरसा मुंडा एयरपोर्ट से मिले सुझावों के बाद लिया गया। निरीक्षण के दौरान इस मार्ग पर लगातार जाम की समस्या सामने आई थी, जिससे आम लोगों को भारी परेशानी हो रही थी।
नगर निगम ने स्पष्ट किया है कि यह कार्रवाई Parking Regulation 2016 के तहत की गई है और नियमों का उल्लंघन करने वालों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।
नागरिकों से सहयोग की अपील
नगर निगम ने शहरवासियों से अपील की है कि वे इस मार्ग पर अपने वाहन पार्क न करें और एयरपोर्ट परिसर में बने निर्धारित पार्किंग स्थल का ही उपयोग करें। अधिकारियों का कहना है कि इस फैसले से ट्रैफिक जाम की समस्या में कमी आएगी और एयरपोर्ट जाने वाले यात्रियों को राहत मिलेगी।