Jamshedpur News: पूर्वी सिंहभूम जिले के जमशेदपुर सदर प्रखंड स्थित कीताडीह ईवीएम वेयरहाउस का निरीक्षण जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह उपायुक्त राजीव रंजन ने किया. निरीक्षण के दौरान ईवीएम और वीवीपैट मशीनों के सुरक्षित रखरखाव और सुरक्षा व्यवस्था की विस्तृत समीक्षा की गई.
उपायुक्त ने वेयरहाउस में सीसीटीवी निगरानी, रिकॉर्ड संधारण और सुरक्षा प्रबंधों की स्थिति का जायजा लिया. उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि निर्वाचन आयोग द्वारा जारी सभी मानक प्रक्रियाओं का पूरी तरह पालन सुनिश्चित किया जाए.
उन्होंने स्पष्ट कहा कि वेयरहाउस की सुरक्षा में किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी. सीसीटीवी कैमरों की लगातार कार्यशीलता, रिकॉर्डिंग का नियमित बैकअप और समय-समय पर जांच अनिवार्य रूप से की जाए.
उपायुक्त ने दैनिक निरीक्षण रजिस्टर और लॉग बुक को पारदर्शी और अद्यतन रखने के निर्देश दिए. साथ ही किसी भी स्थिति में अनधिकृत प्रवेश को पूरी तरह प्रतिबंधित करने को कहा.
उन्होंने सुरक्षा व्यवस्था की नियमित ऑडिट, समयबद्ध रिपोर्टिंग और उच्च स्तरीय निगरानी तंत्र को मजबूत करने पर जोर दिया, ताकि पूरी प्रक्रिया पारदर्शी और सुरक्षित बनी रहे.
निरीक्षण के दौरान राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ भी वेयरहाउस की सुरक्षा और रखरखाव को लेकर चर्चा की गई. इस मौके पर उप निर्वाचन पदाधिकारी प्रियांका सिंह, जिला परिवहन पदाधिकारी धनंजय समेत विभिन्न राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि और अन्य अधिकारी मौजूद रहे.