Back to Top

Facebook WhatsApp Telegram YouTube Instagram
Push Notification

🔔 Enable Notifications

Subscribe now to get the latest updates instantly!

Jharkhand News26 – fastest emerging e-news channel.
  • 2026-05-02

Ranchi Crime News: रांची में नशे के कारोबार पर पुलिस का बड़ा प्रहार, दो अलग-अलग जगहों से चार आरोपी गिरफ्तार

Ranchi: रांची पुलिस ने गुप्त सूचनाओं के आधार पर लगातार कार्रवाई करते हुए शहर में चल रहे अवैध नशे के कारोबार पर बड़ा प्रहार किया है। पहली कार्रवाई रातू रोड स्थित अनंत टॉवर के सामने की गई, जहां दिनांक 01 मई 2026 की रात करीब 9:10 बजे वरीय पुलिस अधीक्षक को सूचना मिली थी कि दो युवक गांजा की खरीद-बिक्री में लगे हुए हैं। सूचना को गंभीरता से लेते हुए पुलिस अधीक्षक नगर के निर्देश पर सहायक पुलिस अधीक्षक कोतवाली के नेतृत्व में छापेमारी दल गठित किया गया, जिसने रात करीब 9:25 बजे मौके पर पहुंचकर घेराबंदी करते हुए दोनों संदिग्धों को पकड़ लिया, जो पुलिस को देखकर भागने की कोशिश कर रहे थे।

तलाशी में मिला गांजा, नकदी और वाहन
पकड़े गए आरोपियों की पहचान पंकज कुमार साव (30) और प्रकाश सिंह उर्फ बाबू (35) के रूप में हुई। तलाशी के दौरान पंकज के पास से टीवीएस जुपिटर स्कूटी की डिक्की में रखे 298 ग्राम गांजा, एक मोबाइल फोन और करीब 6,150 रुपये नकद बरामद किए गए, जबकि प्रकाश सिंह के पास से 43,020 रुपये नकद, एक मोबाइल फोन और एक पल्सर मोटरसाइकिल जब्त की गई। पूछताछ में दोनों ने स्वीकार किया कि वे तमाड़ क्षेत्र से गांजा लाकर रांची के विभिन्न इलाकों में बेचते थे। इसके बाद पुलिस ने प्रकाश सिंह की निशानदेही पर उसके घर में छापेमारी की, जहां अलमारी से करीब 2 किलो से अधिक गांजा के साथ पैकिंग सामग्री प्लास्टिक पुड़िया, मोमबत्ती, स्टेपलर, लाइटर और डिजिटल वजन मशीन भी बरामद की गई। इस संबंध में सुखदेवनगर थाना में एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।

जेल मोड़ इलाके में दूसरी कार्रवाई, दो और गिरफ्तार
इसी कड़ी में दिनांक 02 मई 2026 को कोतवाली थाना क्षेत्र के जेल मोड़ तालाब के पास एक और छापेमारी की गई, जहां दो व्यक्तियों द्वारा गांजा की अवैध खरीद-बिक्री की सूचना मिली थी। वरीय पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर सहायक पुलिस अधीक्षक कोतवाली के नेतृत्व में टीम ने मौके पर पहुंचकर रवि वर्मा (28) और जनार्दन दास (32) को पकड़ लिया। तलाशी के दौरान उनके पास से करीब 1 किलो 31 ग्राम गांजा, दो मोबाइल फोन, एक डिजिटल वजन मशीन, 1,650 रुपये नकद और एक स्कूटी बरामद की गई। पूछताछ में जनार्दन दास ने स्वीकार किया कि वे गांव और बाहरी क्षेत्रों से गांजा लाकर शहर में सप्लाई करते थे।

एनडीपीएस एक्ट के तहत केस दर्ज, नेटवर्क खंगालने में जुटी पुलिस
दोनों मामलों में आरोपियों के पास से बरामद मादक पदार्थों के संबंध में कोई वैध दस्तावेज नहीं मिलने पर उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस ने एनडीपीएस एक्ट की विभिन्न धाराओं में केस दर्ज कर लिया है और पूरे नेटवर्क की जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि इन कार्रवाइयों से शहर में सक्रिय नशे के एक बड़े गिरोह की कड़ी सामने आई है, जिसे पूरी तरह खत्म करने के लिए आगे भी अभियान जारी रहेगा।
WhatsApp
Connect With WhatsApp Cannel !