Presidential Medal Nominations: स्वतंत्रता दिवस 2026 पर दिए जाने वाले राष्ट्रपति पदकों को लेकर केंद्र सरकार ने प्रक्रिया तेज कर दी है. गृह मंत्रालय ने सभी राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों को स्पष्ट निर्देश जारी करते हुए कहा है कि नामांकन भेजने की समय सीमा अब समाप्ति के करीब है. झारखंड समेत सभी राज्यों को तय समय के भीतर प्रस्ताव भेजने को कहा गया है.
दो श्रेणियों में मांगे गए नाम, कई राज्यों से अब तक प्रस्ताव नहीं
गृह मंत्रालय की ओर से झारखंड के मुख्य सचिव को भेजे गए पत्र में दो श्रेणियों के लिए अनुशंसाएं मांगी गई हैं. इनमें राष्ट्रपति का विशिष्ट सेवा पदक और सराहनीय सेवा पदक शामिल हैं. मंत्रालय ने यह भी स्पष्ट किया है कि कई राज्यों, केंद्र शासित प्रदेशों और केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बलों की ओर से अभी तक नामांकन प्राप्त नहीं हुए हैं, जिसे लेकर गंभीरता बरतने को कहा गया है.
पुलिस से लेकर नागरिक सुरक्षा तक शामिल, 15 मई अंतिम तिथि तय
यह निर्देश पुलिस बल, अग्निशमन सेवा, होम गार्ड, नागरिक सुरक्षा और सुधारात्मक सेवाओं में कार्यरत कर्मियों पर लागू होगा. नामांकन की प्रक्रिया ऑनलाइन माध्यम से पूरी की जानी है और इसके लिए 15 मई अंतिम तिथि निर्धारित की गई है. मंत्रालय ने साफ कर दिया है कि तय समय सीमा के बाद किसी भी तरह का विस्तार नहीं दिया जाएगा, इसलिए सभी संबंधित विभागों को समय पर प्रस्ताव भेजने के निर्देश दिए गए हैं.
गृह मंत्रालय का यह निर्देश संकेत देता है कि राष्ट्रपति पदकों के लिए चयन प्रक्रिया को तय समय में पूरा करने पर जोर है. अब यह राज्यों और संबंधित विभागों पर निर्भर करेगा कि वे निर्धारित समय सीमा के भीतर योग्य कर्मियों के नाम भेजकर इस प्रक्रिया को समय पर पूरा करें.