Jharkhand News: रांची से जुड़ी एक अहम प्रशासनिक खबर सामने आई है. झारखंड सरकार के वित्त विभाग ने कोषागारों की कार्यप्रणाली को अधिक प्रभावी और संतुलित बनाने के लिए बड़ा फेरबदल किया है. लंबे समय से चली आ रही विसंगतियों को सुधारते हुए पदों के सृजन और प्रत्यर्पण की नई व्यवस्था लागू की गई है. इसका असर रांची, हजारीबाग, दुमका और चाईबासा जैसे प्रमुख केंद्रों पर सीधे तौर पर पड़ेगा.
टंकण त्रुटि सुधार कर पदों की संख्या स्पष्ट, कुल 47 पदों का पुनर्वितरण
वित्त विभाग ने अपने पूर्व संकल्प संख्या 2049 की अनुसूची 5 में हुई टंकण त्रुटि को स्वीकार किया है. इसमें कोषागार पदाधिकारियों की संख्या गलत तरीके से 29 दर्ज हो गई थी, जिसे अब संशोधित कर 23 कर दिया गया है. वहीं सहायक कोषागार पदाधिकारियों की संख्या पहले 12 थी, जिसे बढ़ाकर 18 कर दिया गया है. विभाग ने स्पष्ट किया है कि कुल स्वीकृत 47 पदों को सहायक, कोषागार और वरीय कोषागार पदाधिकारियों के बीच संतुलित तरीके से पुनर्वितरित किया गया है.
डिजिटल सिस्टम को मजबूती, एसएनए स्पर्श और साइबर ट्रेजरी में नए पद
बदलते समय और डिजिटल लेनदेन की जरूरतों को ध्यान में रखते हुए विभाग ने एसएनए स्पर्श और साइबर ट्रेजरी के लिए एक एक कोषागार पदाधिकारी के नए पद सृजित किए हैं. इसके लिए प्रोजेक्ट भवन और हजारीबाग कोषागार से वरीय कोषागार पदाधिकारी के एक एक पद को प्रत्यर्पित किया गया है.
हजारीबाग और प्रमंडलीय मुख्यालयों पर विशेष फोकस
नई व्यवस्था में हजारीबाग जैसे बड़े कोषागार की कार्यक्षमता बढ़ाने पर विशेष जोर दिया गया है. अब तक यहां केवल एक सहायक कोषागार पदाधिकारी होने के कारण काम का दबाव अधिक था. इसके अलावा दुमका और पलामू जैसे प्रमंडलीय मुख्यालयों में भी पदों के पुनर्गठन की आवश्यकता महसूस की गई, जहां पद तो थे लेकिन वे वास्तविक जरूरत के अनुरूप नहीं थे.
जमीनी जरूरत के अनुसार पदों का पुनर्संरचना, भुगतान व्यवस्था होगी तेज
विभाग का मानना है कि कई बड़े कोषागारों में कोषागार पदाधिकारी का पद ही उपलब्ध नहीं था, जिससे कामकाज प्रभावित हो रहा था. इस पुनर्गठन के बाद वेतन निकासी और सरकारी भुगतान की प्रक्रिया तेज होने की उम्मीद है. साथ ही प्रशासनिक नियंत्रण को भी बेहतर बनाया जा सकेगा.
किन जिलों में क्या बदलाव किए गए
नई व्यवस्था के तहत रांची कोषागार से वरीय कोषागार पदाधिकारी का पद समाप्त कर उसे हजारीबाग में कोषागार पदाधिकारी के रूप में स्थानांतरित किया गया है. दुमका, चाईबासा और पलामू जैसे महत्वपूर्ण जिलों में वरीय कोषागार पदाधिकारी के पद समाप्त कर दिए गए हैं और वहां कोषागार पदाधिकारी के नए पद सृजित किए गए हैं.
रांची, दुमका, चाईबासा और पलामू में वरीय कोषागार पदाधिकारी के पद खत्म किए गए हैं, जबकि हजारीबाग, दुमका, चाईबासा और पलामू में कोषागार पदाधिकारी के नए पद बनाए गए हैं. इसके साथ ही पुरानी अनुसूची में मौजूद टंकण त्रुटियों को भी ठीक कर दिया गया है.