Jamshedpur News : बिरसानगर स्थित प्रधानमंत्री आवास योजना के लाभुकों को मकान की चाबी सौंपने के मुद्दे पर विधायक सरयू राय के बिष्टुपुर आवास पर अहम बैठक हुई। बैठक में 75 से अधिक लाभुक, जेएनएसी के उप नगर आयुक्त कृष्ण कुमार और जुडको के प्रोजेक्ट मैनेजर धनंजय कुमार मौजूद रहे।
31 मई तक काम पूरा करने की समयसीमा तय, नहीं तो अनशन की चेतावनी
बैठक में सामने आया कि आवासीय परिसर में सड़क, नाली और ड्रेनेज का काम अब भी अधूरा है। अधिकारियों ने बताया कि इन कार्यों को पूरा करने में कम से कम एक माह का समय लगेगा। इस पर विधायक सरयू राय ने स्पष्ट कहा कि यदि 31 मई तक प्रोजेक्ट तैयार नहीं हुआ और लाभुकों को चाबी नहीं मिली, तो वे 1 जून से अनशन पर बैठेंगे।
प्रोजेक्ट मैनेजर ने जानकारी दी कि ड्रेनेज का टेंडर अंतिम चरण में है और जल्द काम शुरू होगा, जबकि सड़क के लिए फंड स्वीकृति का इंतजार है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि एक माह के भीतर अधिकांश कार्य पूरे कर लिए जाएंगे।
लाभुकों का फूटा गुस्सा, कई महिलाएं रो पड़ीं
बैठक के दौरान लाभुकों का गुस्सा फूट पड़ा। लोगों ने कहा कि 2023 में ही गृह प्रवेश का आश्वासन दिया गया था, लेकिन अब 2026 आ गया और अब तक मकान नहीं मिला। कुछ महिला लाभुक भावुक होकर रो पड़ीं और अपनी परेशानी जाहिर की।
लाभुकों ने अधिकारियों से लिखित में तारीख देने की मांग की और कहा कि वर्षों से सिर्फ आश्वासन मिल रहा है। इस पर अधिकारियों ने 31 मई तक काम पूरा करने का भरोसा दिया, जिसके बाद चाबी वितरण का कार्यक्रम आयोजित करने की बात कही गई।
मीटर कनेक्शन शुल्क पर भी उठे सवाल
बैठक में बिजली मीटर कनेक्शन शुल्क को लेकर भी असंतोष सामने आया। लाभुकों ने बताया कि अन्य शहरों में जहां कम या मुफ्त में कनेक्शन दिया गया, वहीं जमशेदपुर में 13,600 रुपये तक वसूले जा रहे हैं। इस पर सरयू राय ने संबंधित अधिकारियों से जानकारी लेकर मामले को स्पष्ट करने का आश्वासन दिया।
लाभुकों ने मांग रखी कि उन्हें पहले मकान की चाबी दी जाए और बाकी निर्माण कार्य बाद में पूरा किया जाए। हालांकि उप नगर आयुक्त ने स्पष्ट किया कि जब तक प्रोजेक्ट पूरी तरह तैयार नहीं होता, उसे जेएनएसी को हैंडओवर नहीं किया जा सकता और बिना प्रक्रिया के चाबी देना संभव नहीं है।
बैठक के बाद यह तय हुआ कि 31 मई तक सड़क, नाली और ड्रेनेज का कार्य पूरा करने का प्रयास किया जाएगा और उसके बाद ही लाभुकों को मकान की चाबी सौंपी जाएगी।